सप्ताह में दो दिन स्थल निरीक्षण करें इंजीनियर : नितिन नवीन

पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने विभागीय इंजीनियरों को सप्ताह में दो दिन स्थल निरीक्षण का निर्देश दिया है.

संवाददाता,पटना पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने विभागीय इंजीनियरों को सप्ताह में दो दिन स्थल निरीक्षण का निर्देश दिया है.स्टेट रोड डेवलपमेंट काॅरपोरेशन लिमिटेड द्वारा क्रियान्वित की जा रही परियोजनाओं तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा के दौरान घोषित परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वैसी परियोजनाएं जिनके पूर्ण होने का कार्यकाल बढ़ाया गया है, उसे तय सीमा के अंदर को पूर्ण करा लिया जाये.उन्होंने लंबित परियोजनाओं पर क्षोभ व्यक्त करते हुए दोषी एजेंसियों पर नियमपूर्वक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. मंत्री ने कहा कि परियोजना के विलंब होने में एजेंसियों के द्वारा कार्य में शिथिलता बरती जा रही हो, तो नियमानुकूल उनके भुगतान से कटौती की जानी चाहिए. उन्होंने निर्देश दिया कि अभियंता सचेत होकर परियोजनाओं की प्रगति में अपना योगदान दें तथा यथा संभव परियोजनाओं की प्रगति में जो भी कठिनाई हो उसका निराकरण सुनिश्चित करें. पथ निर्माण मंत्री ने पथ विकास निगम के प्रबंध निर्देशक को इस संबंध में निर्देश दिया कि पेनल्टी सिस्टम के बदलाव करने के दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि समीक्षा में इंजीनियर दोषी पाये गये, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी. कच्ची दरगाह से विदुपुर समेत कई महत्वपूर्ण पुल के निर्माण की समीक्षा की : मंत्री ने कच्ची दरगाह से बिदुपुर तक निर्माणाधीन छह लेन न्यू गंगा ब्रिज की प्रगति की समीक्षा की.इस पुल का निर्माण अत्याधुनिक तकनीक से किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस पुल के पूर्ण हो जाने पर यह बिहार के लिए गौरव सिद्ध होगा. इसके अतिरिक्त बैठक में गंगा नदी के ऊपर निर्माणाधीन एनएच 31 से एनएच 28 को जोड़ने वाली काठपुर-बख्तियारपुर गंगा ब्रिज, राज्य उच्च पथ संख्या 95 मानसी- सिमरी बख्तियारपुर, राज्य उच्च पथ संख्या 105 बेतिया नरकटियागंज रोड, पटना शहर में निर्माणाधीन मीठापुर महुली परियोजना की पूर्ण होने की जानकारी ली. बैठक में पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने सभी परियोजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक किये जाने का निर्देश दिया. इस क्रम में उन्होंने वैसी परियोजनाओं जो पूर्ण हो चुकी हैं, उनके रखरखाव पर भी चर्चा की तथा रखरखाव की भी सतत मॉनीटिरिंग का भी निर्देश दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rakesh ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >