दानापुर नगर परिषद में डेहरी ईओ विमल कुमार को श्रद्धांजलि, दो मिनट मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना

दानापुर नगर परिषद ने डेहरी-डालमियानगर के दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार को एक भावुक शोक सभा में याद किया. अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके योगदान को याद किया और परिवार के लिए मुआवजे व सभी नगर निकाय कर्मियों के लिए सुरक्षा की मांग की.

Danapur News: दानापुर (पटना) नगर परिषद सभागार में शनिवार को डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के दिवंगत कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की स्मृति में एक भावुक शोक सभा का आयोजन किया गया. शोक सभा की अध्यक्षता उपमंडलीय अधिकारी (एसडीओ) सह नगर परिषद प्रशासक अनिरुद्ध पांडेय ने की. इस दौरान दानापुर नगर परिषद के अधिकारियों, कर्मियों और प्रतिनिधियों ने दिवंगत अधिकारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की.

पूर्व में दानापुर में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे ईओ विमल कुमार

शोक सभा में दानापुर नगर परिषद के नगर प्रबंधक एवं कर्मचारियों ने स्व विमल कुमार के साथ बिताए समय को याद किया. उन्होंने बताया कि विमल कुमार पूर्व में दानापुर नगर परिषद में भी कार्यपालक पदाधिकारी के पद पर अपनी सराहनीय सेवाएं दे चुके थे. वक्ताओं ने उन्हें एक अत्यंत मिलनसार, व्यावहारिक, कुशल और अपने कर्तव्यों के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित अधिकारी के रूप में याद किया. वर्तमान समय में वे डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद में कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित थे.

बारुण थाना क्षेत्र में देर रात हुई थी जघन्य हत्या

शोक सभा में घटना की जानकारी देते हुए बताया गया कि पिछले शनिवार की देर रात जब ईओ विमल कुमार पटना आ रहे थे, उसी दौरान औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र स्थित पटना कैनाल नहर मार्ग पर अपराधियों ने उनकी हत्या कर दी थी. इस जघन्य वारदात की खबर मिलते ही दानापुर नगर परिषद के कर्मियों और जनप्रतिनिधियों के बीच शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई थी.

परिजनों को मुआवजा और नगर निकाय कर्मियों को सुरक्षा देने की मांग

नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ईओ विमल कुमार की हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की. उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस-प्रशासन से मांग की कि मृतक अधिकारी के परिजनों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए. इसके साथ ही उन्होंने बिहार के सभी नगर निकायों में कार्यरत कार्यपालक पदाधिकारियों और कर्मचारियों की जान-माल की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की.

शोक सभा में कई प्रमुख अधिकारी और कर्मचारी रहे उपस्थित

दानापुर नगर परिषद में आयोजित इस श्रद्धांजलि सह शोक सभा में मुख्य रूप से ईओ (व्यवस्था) रवि कुमार, नगर प्रबंधक अमरेंद्र कुमार, प्रधान लिपिक सुभाष कुमार, तान्या, दिवाकर कुमार, विजय कुमार, अनूप कुमार, शिवजी कुमार, पप्पू कुमार, सुनील कुमार समेत नगर परिषद के अन्य कई कर्मचारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

Also Read: ईओ विमल कुमार की हत्या के विरोध में कैंडल मार्च, दोषियों की गिरफ्तारी और मुआवजा समेत सरकारी नौकरी की मांग


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >