Danapur minor girl Firing: दानापुर थाना क्षेत्र में रविवार को सरेशाम नाबालिग लड़की और रैपिडो चालक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपित की पहचान कर ली है. पुलिस के अनुसार, आरोपित नाबालिग का पूर्व प्रेमी है. नाबालिग से अनबन होने के बाद दोनों अलग हो गये थे. इसके बाद नाबालिग ने आरोपित का फोन उठाना भी बंद कर दिया था, जिससे वह नाराज था.
नये युवक से दोस्ती से नाराज था पूर्व प्रेमी
पुलिस के अनुसार, गोली से घायल रैपिडो चालक राहुल की नाबालिग लड़की से दोस्ती थी. इस बात की जानकारी होने के बाद आरोपित पूर्व प्रेमी और अधिक गुस्से में आ गया. उसने फोन पर नाबालिग को जान से मारने की धमकी भी दी थी. बताया जा रहा है कि धमकी को अंजाम देने के लिए आरोपित कई दिनों से नाबालिग की रेकी कर रहा था.
आरपीएस मोड़ पर पीछा कर की फायरिंग
रविवार को आरपीएस मोड़ के समीप आरोपित ने नाबालिग को रैपिडो चालक राहुल के साथ देखा. इसके बाद उसने दोनों का पीछा किया और नाबालिग को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी. हालांकि, गोली चलने के समय नाबालिग के झुक जाने से गोली रैपिडो चालक राहुल को लग गयी. गोली लगने के बाद राहुल और नाबालिग बाइक से गिर गये. नाबालिग अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागकर एक पूर्व परिचित टेलर की दुकान में घुस गयी.
टेलर की दुकान से खींचकर नाबालिग को मारी गोली
पुलिस के अनुसार, आरोपित पीछा करते हुए टेलर की दुकान तक पहुंच गया. उसने नाबालिग को दुकान से खींचकर बाहर निकालने की कोशिश की. इस दौरान उसने नाबालिग को गोली मार दी. गोली लगने से वह घायल हो गयी. लोगों के जुटने पर आरोपित मौके से फरार हो गया. घायल रैपिडो चालक राहुल लखनी बिगहा का रहने वाला है.
आरोपित की पहचान के बाद गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
सिटी एसपी पश्चिमी संकेत कुमार ने बताया कि घटना में शामिल आरोपित की पहचान कर ली गयी है. उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस दानापुर के साथ ही खगौल इलाके में भी आरोपित की तलाश कर रही है. पुलिस ने फिलहाल आरोपित का नाम सार्वजनिक नहीं किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपित युवक और उसका साथी फिलहाल फरार हैं.
