पटना में गंगा के रौद्र रूप से सहमे दियारा वासी, घर-स्कूल और अस्पताल में घुसा बाढ़ का पानी

दानापुर दियारा क्षेत्र में गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि से बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है. कई पंचायतों के दर्जनों गांव जलमग्न हो गए हैं, जिससे लोगों को ऊंचे स्थानों पर शरण लेनी पड़ रही है. किसानों की फसलें भी बर्बाद हो चुकी हैं.

Flood in Danapur : दानापुर में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार दूसरे दिन वृद्धि होने से दानापुर दियारा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति फिर गंभीर हो गयी है. गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. दियारा की सात पंचायतों के दर्जनों गांव बाढ़ के पानी से जलमग्न हो गये हैं. सड़क से लेकर खेतों तक दो से तीन फुट पानी बह रहा है, जबकि निचले इलाकों के घरों में भी एक से डेढ़ फुट तक पानी घुस गया है. बाढ़ के बढ़ते पानी को देखते हुए लोग ऊंचे स्थानों पर शरण लेने को विवश हैं.

सात पंचायतों के दर्जनों गांव प्रभावित

बाढ़ से गंगहरा, हेतनपुर, पतलापुर, कासीमचक, पुरानी पानापुर, मानस और अकिलपुर पंचायतों के दर्जनों गांव प्रभावित हैं. कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब गयी हैं, जिससे आवागमन प्रभावित है. बाढ़ का पानी घरों के साथ स्कूल और अस्पताल परिसर तक पहुंच गया है. लगातार बढ़ते जलस्तर से गंगा तट के किनारे बसे गांवों में दहशत का माहौल है.

सैकड़ों हेक्टेयर में लगी फसल पहले ही हो चुकी बर्बाद

दियारा क्षेत्र में इससे पहले आयी बाढ़ से सैकड़ों हेक्टेयर में लगी मक्का, पशुचारा और सब्जी की फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है. इससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. अब दोबारा बाढ़ आने से किसानों और पशुपालकों के सामने नई परेशानी खड़ी हो गयी है. फसल खराब होने के साथ मवेशियों के लिए चारा और उनके रख-रखाव का संकट भी बढ़ गया है.

खाने-पीने के सामान और पूंजी का संकट

दियारा के अधिकांश लोग गरीब और मजदूर तबके से हैं. बाढ़ के कारण कई परिवारों के घरों में खाने-पीने का पर्याप्त सामान उपलब्ध नहीं है. किसानों के पास खेती के लिए आवश्यक पूंजी भी नहीं बची है. लगातार बाढ़ से प्रभावित लोगों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गयी है. ग्रामीणों को आशंका है कि जलस्तर में और वृद्धि हुई तो जान-माल का नुकसान भी बढ़ सकता है.

बाढ़ राहत राशि देने की मांग

पूर्व जिला पार्षद ओम प्रकाश यादव, जयपाल प्रसाद, जिला पार्षद प्रतिनिधि सह भाजपा नेता रंजीत यादव समेत दियारा क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन से बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि पिछली बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई भी पूरी तरह नहीं हो सकी है और अब फिर से बाढ़ का पानी गांवों में प्रवेश कर गया है.

देवनानाला में 167.10 फुट पहुंचा जलस्तर

बाढ़ नियंत्रण केंद्र के अनुसार मंगलवार शाम देवनानाला में गंगा का जलस्तर 167.10 फुट रिकॉर्ड किया गया. कनीय अभियंता ने बताया कि गंगा के जलस्तर में धीरे-धीरे वृद्धि हो रही है. इलाहाबाद, वाराणसी और बक्सर में भी जलस्तर बढ़ रहा है, जबकि इंद्रपुरी में सोनी नदी का जलस्तर स्थिर है.

प्रशासन बाढ़ को लेकर सजग

सीओ पीके गुप्ता ने बताया कि संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सजग है. प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार राहत एवं बचाव कार्य किए जाएंगे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >