Patna environment protection: हरित क्रांति, हरियाली और स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दानापुर पूर्व सैनिक संघ की ओर से गुरुवार को व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया. इस दौरान बालाजी नगर, न्यू मैनपुरा और सगुना मोड़ क्षेत्र में पूर्व सैनिकों ने 100 पौधे लगाए और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया.
जलवायु परिवर्तन से निपटने का दिया संदेश
अभियान के दौरान पूर्व सैनिकों ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए पेड़-पौधों की संख्या बढ़ाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. लगाए गए पौधे भविष्य में लोगों को फल, फूल, छाया और शुद्ध वातावरण प्रदान करेंगे.
पर्यावरण संरक्षण भी राष्ट्र सेवा का हिस्सा
संघ के संयोजक अरुण फौजी ने कहा कि एक सैनिक जीवनभर देश की सीमाओं की रक्षा करता है. सेवानिवृत्ति के बाद धरती और पर्यावरण की रक्षा करना भी उनका सामाजिक और नैतिक दायित्व है.
उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए.
हर सप्ताह चलेगा पौधरोपण अभियान
संघ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्व सैनिक संघ की ओर से पूरे महीने प्रत्येक सप्ताह पौधरोपण कार्यक्रम चलाया जाएगा. इसका उद्देश्य शहर में हरियाली बढ़ाने के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है.
कई पूर्व सैनिक रहे मौजूद
पौधरोपण कार्यक्रम में संघ के उपाध्यक्ष बी.एन. सिंह, प्रवक्ता मनोज सिंह, कृष्ण सिंह, एस.पी. वर्मा, संतोष कुमार सिंह, जितेंद्र सिंह, टी.एन. तिवारी समेत कई पूर्व सैनिक उपस्थित रहे.
