दानापुर में सामुदायिक भवन बना कूड़ाघर, गंदगी और नशेड़ियों के अड्डे से स्थानीय लोग परेशान

Patna garbage dump : दानापुर के त्रिमूर्ति नगर का सामुदायिक भवन इन दिनों गंदगी और प्रशासनिक लापरवाही से जूझ रहा है. स्थानीय लोग कचरा फेंक रहे हैं और यह नशेड़ियों का अड्डा बन गया है. 15 लाख की मरम्मत योजना भी अधूरी रह गई.

Patna garbage dump : नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 19 स्थित सुल्तानपुर के त्रिमूर्ति नगर का सामुदायिक भवन इन दिनों गंदगी और प्रशासनिक लापरवाही का शिकार बना हुआ है. भवन परिसर को स्थानीय लोगों ने कूड़ेदान में तब्दील कर दिया है, जिससे यहां चारों ओर कचरे का अंबार लगा हुआ है. यही भवन आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन के लिए भी उपयोग में लाया जाता है.

कचरे के ढेर और नशेड़ियों का बना अड्डा

स्थानीय लोगों के अनुसार सामुदायिक भवन परिसर में घरों का कचरा, पॉलिथीन और अन्य अपशिष्ट लगातार फेंका जा रहा है. गंदगी के कारण भवन की स्थिति काफी खराब हो गई है. इसके साथ ही यह परिसर नशेड़ियों का अड्डा भी बन गया है, जहां खुलेआम नशीले पदार्थों का सेवन किया जाता है.

15 लाख रुपये से मरम्मत की योजना भी नहीं हो सकी पूरी

बताया जाता है कि पूर्व विधायक रीतलाल यादव ने सामुदायिक भवन के जीर्णोद्धार के लिए 15 लाख रुपये की राशि से मरम्मत कराने की अनुशंसा की थी. हालांकि आज तक भवन का मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका और स्वीकृत राशि भी वापस लौट गई.

पहले सामाजिक गतिविधियों का केंद्र था भवन

स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले सामुदायिक भवन का उपयोग सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए किया जाता था. भवन में विभिन्न सामाजिक गतिविधियां आयोजित होती थीं, लेकिन रखरखाव के अभाव में अब इसकी स्थिति बदहाल हो गई है.

नगर परिषद ने दिया सफाई का आश्वासन

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सह प्रशासक पंकज कुमार ने बताया कि सामुदायिक भवन परिसर से जल्द ही कचरे की सफाई कराई जाएगी, ताकि परिसर को फिर से उपयोग योग्य बनाया जा सके.

ALSO READ: पटना नगर निगम का एक्शन, प्रॉपर्टी टैक्स चोरी पर सख्ती, बिजली कनेक्शन के डेटा से होगी जांच


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjay kumar

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >