Prabhat Khabar Pratibha Samman 2026: पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान 2026 समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि बिहार में असली बदलाव तब माना जाएगा, जब अभिभावक निजी और कॉन्वेंट स्कूलों से अपने बच्चों का नाम कटवाकर सरकारी स्कूलों में दाखिला दिलाने लगेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल स्कूलों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि सरकारी शिक्षा व्यवस्था को इतना मजबूत बनाना है कि लोगों का भरोसा फिर से सरकारी स्कूलों पर कायम हो.
शिक्षकों के ट्रांसफर पर भी बोले सीएम
सम्राट चौधरी ने कहा कि शिक्षा मंत्री की मांग थी कि शिक्षकों का ट्रांसफर उनके गृह जिले में किया जाए. उन्होंने कहा कि सरकार इससे भी आगे बढ़कर गृह प्रखंड और गृह पंचायत के स्तर पर पोस्टिंग की व्यवस्था पर विचार कर रही है. हालांकि पढ़ाई की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा. शिक्षकों को हर हाल में पढ़ाना होगा.
जुलाई से शुरू होंगे मॉडल स्कूल
सम्राट चौधरी ने बताया कि नीतीश कुमार का सपना था कि बिहार में आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएं. इसी दिशा में काम तेजी से चल रहा है और जुलाई से मॉडल स्कूलों का संचालन शुरू होने जा रहा है. उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. स्कूलों में बेहतर संसाधन, शिक्षकों की उपलब्धता और आधुनिक शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है.
हर प्रखंड तक पहुंचेगी उच्च शिक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां नए कॉलेज खोले जाएंगे. सरकार स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की लगातार समीक्षा कर रही है ताकि छात्रों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा मिल सके. उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं में अपार क्षमता है और उन्हें सही अवसर देने की जरूरत है.
नालंदा और विक्रमशिला के गौरव का जिक्र
सम्राट चौधरी ने बिहार की ऐतिहासिक शैक्षणिक विरासत का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय और विक्रमशिला विश्वविद्यालय कभी दुनिया के सबसे बड़े शिक्षा केंद्र थे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा विश्वविद्यालय को फिर से स्थापित करने का काम किया है. अब विक्रमशिला विश्वविद्यालय के पुनर्विकास की दिशा में भी प्रयास तेज हैं.
मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में पटना के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री ने छात्रों को बिहार का भविष्य बताते हुए कहा कि सरकार शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है. उन्होंने छात्रों से मेहनत करने और बड़े लक्ष्य तय करने की अपील की. साथ ही कहा कि जिस दिन सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता ऐसी हो जाएगी कि लोग खुद अपने बच्चों को वहां भेजना चाहेंगे, उसी दिन बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में वास्तविक बदलाव दिखाई देगा.
