Prabhat Khabar Pratibha Samman 2026: पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान 2026 का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बिहार के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी, प्रभात खबर के प्रधान संपादक अंकित शुक्ला समेत मंच पर मौजूद अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. सभागार छात्रों और उनके अभिभावकों से खचाखच भरा हुआ था. सम्मान पाने पहुंचे विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला.
सीएम सम्राट ने प्रभात खबर को दिया विशेष धन्यवाद
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में प्रभात खबर की सराहना की. उन्होंने कहा कि प्रभात खबर कई वर्षों से बिहार और झारखंड के प्रतिभाशाली छात्रों को खोजकर उन्हें सम्मानित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने लाते हैं.
‘जहां जाएंगे, वहां टॉप करेंगे हमारे बच्चे’
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि हमारे बच्चे जहां भी जाएंगे, वहां टॉप करेंगे. यह हमारी क्षमता और हमारे संस्कारों में है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कोटा में भी बिहारी छात्र और शिक्षक बड़ी संख्या में हैं.
‘देश-दुनिया में हर जगह बिहारी’
सम्राट चौधरी ने कहा कि देश-दुनिया में बिहारियों की अलग पहचान है. उन्होंने कहा कि अधिकारी भी बिहारी हैं और मजदूर भी बिहारी हैं. हर क्षेत्र में बिहार के लोग अपनी मेहनत और प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं.
संघर्ष से सफलता तक का सफर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के लोगों ने हमेशा कठिन परिस्थितियों का सामना किया है. उन्होंने कहा कि बाढ़ और नदियों की चुनौतियों के बावजूद बिहार के लोग देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर अपनी पहचान बनाए हैं. दिल्ली के विकास में भी बिहार के लोगों का बड़ा योगदान रहा है.
नालंदा और विक्रमशिला का फिर लौट रहा गौरव
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार ज्ञान और शिक्षा की प्राचीन भूमि रहा है. नालंदा विश्वविद्यालय और विक्रमशिला विश्वविद्यालय इसकी पहचान रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा विश्वविद्यालय को फिर से स्थापित करने का काम किया है. अब विक्रमशिला विश्वविद्यालय के पुनर्विकास की दिशा में भी तेजी से काम हो रहा है.
जुलाई से शुरू होंगे मॉडल स्कूल
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार का सपना था कि बिहार में मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएं. उन्होंने बताया कि जुलाई तक राज्य में मॉडल स्कूलों का संचालन शुरू हो जाएगा. इससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा.
‘जब सरकारी स्कूलों में लौटेंगे बच्चे, तब समझिएगा बिहार बदल गया’
सम्राट चौधरी ने कहा कि असली बदलाव तब माना जाएगा जब प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों से नाम कटवाकर अभिभावक अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में दाखिला दिलाने लगेंगे. उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार काम कर रही है.
उच्च शिक्षा के विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां नए कॉलेज खोले जाएंगे. उन्होंने बताया कि जुलाई से इस दिशा में काम शुरू होगा. सरकार स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की व्यवस्था की लगातार समीक्षा करेगी.
शिक्षकों की पोस्टिंग पर भी बोले सीएम सम्राट
सम्राट चौधरी ने कहा कि शिक्षा मंत्री की मांग थी कि शिक्षकों का स्थानांतरण उनके गृह जिले में किया जाए. उन्होंने कहा कि सरकार इससे भी आगे बढ़कर गृह प्रखंड और गृह पंचायत के स्तर पर पोस्टिंग की व्यवस्था पर विचार कर रही है. हालांकि पढ़ाई की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
छात्रों को मिल रही आर्थिक मदद
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक सहायता भी दे रही है. उन्होंने बताया कि मैट्रिक पास करने पर 10 हजार रुपये, इंटरमीडिएट पर 25 हजार रुपये और स्नातक स्तर पर 50 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है.
बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास के लिए बेटियों का शिक्षित होना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि बेटियां आगे बढ़ेंगी तो पूरा परिवार आगे बढ़ेगा. उन्होंने यह भी घोषणा की कि बालिका विद्यालयों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी. वहां महिला पुलिसकर्मियों यानी ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती की जाएगी.
अपराधियों को 48 घंटे में मिलेगा जवाब
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. जो भी पुलिस या कानून को चुनौती देगा, उसे 48 घंटे के भीतर जवाब मिलेगा.
छात्रों को बताया बिहार का भविष्य
समारोह के अंत में मुख्यमंत्री ने छात्रों को बिहार का भविष्य बताया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है और किसी भी छात्र को आगे बढ़ने में कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी. अंत में सीएम ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और प्रभात खबर की पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया.
