पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Patna Crime News : पटना के आईजीआईएमएस के गेट नंबर-3 स्थित अंशिका मेडिकल में शुक्रवार को असामाजिक तत्वों ने हवा में तीन-चार राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. फायरिंग की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाने की पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है. एफएसएल टीम ने मौके से कई नमूने भी एकत्र किए हैं. पुलिस ने मामले में मां मेडिको के पार्टनर पंकज कुमार को गिरफ्तार किया है.
मरीजों को दुकान तक पहुंचाने को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, आईजीआईएमएस परिसर और आसपास की मेडिकल दुकानों के पास दलालों के जमावड़े को लेकर लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई है. आरोप है कि अस्पताल से मरीज डॉक्टर को दिखाकर बाहर निकलते हैं या भर्ती मरीज के परिजन दवा लेने बाहर आते हैं, तो दलाल उन्हें अपने प्रभाव में लेने का प्रयास करते हैं.
इसके बाद 10 से 30 प्रतिशत तक छूट पर दवा उपलब्ध कराने का दावा करते हुए मरीजों और उनके परिजनों को आसपास की चुनिंदा मेडिकल दुकानों पर ले जाया जाता है. इसी को लेकर मेडिकल दुकानदारों के बीच ग्राहकों को अपनी दुकान पर ले जाने को लेकर मनमुटाव चल रहा था.
कर्मचारियों ने किया विरोध, कुछ घंटे बाद पहुंचा समूह
अंशिका मेडिकल के प्रोपराइटर प्रमोद कुमार ने बताया कि उनकी दुकान के आगे अक्सर कुछ लोग खड़े रहते हैं. जैसे ही कोई ग्राहक दवा की पर्ची लेकर दुकान पर पहुंचता है, आरोपित उसे दूसरी दुकान पर ले जाने का प्रयास करते हैं. शुक्रवार सुबह दुकान के कर्मचारियों ने इसका विरोध किया था.
हवा में तीन-चार राउंड फायरिंग की
आरोप है कि इसके कुछ घंटे बाद पांच-सात की संख्या में लोग अंशिका मेडिकल पर पहुंचे और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए धमकी देने लगे. विरोध करने पर आरोपितों ने हवा में तीन-चार राउंड फायरिंग कर दी.
गोली की आवाज सुनकर लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ा
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने मौके से एक व्यक्ति को पकड़ लिया और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अंशिका मेडिकल और मां मेडिको के बीच विवाद की बात सामने आयी है. पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के कारण अंशिका मेडिकल में फायरिंग की गयी.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फायरिंग में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस पूरे मामले में फायरिंग के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है.
