पवन सिंह के गाने पर नितिन नवीन का वेलकम, पटना के बापू सभागार में लहराया भगवा गमछा

Bihar Politics: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार पटना पहुंचे. बापू सभागार में पवन सिंह के गाने 'जोड़ी मोदी-नीतीश के हिट हो गइल' पर जोशीला स्वागत हुआ. बाइक रैली, भगवा गमछे और नारों से माहौल पूरी तरह उत्साहमय दिखा.

Bihar Politics: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन सोमवार को पहली बार पटना पहुंचे. राजधानी पहुंचते ही पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार और भव्य स्वागत किया. पटना एयरपोर्ट पर ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और नारों के बीच नितिन नवीन का अभिनंदन किया गया. स्वागत के दौरान “जोड़ी नीतीश-मोदी के हिट हो गइल” गीत भी बजाया गया. जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय बन गया.

एयरपोर्ट से शहर तक उत्साह

राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर पटना में जगह-जगह स्वागत पोस्टर लगाए गए. एयरपोर्ट से लेकर बापू सभागार तक पार्टी कार्यकर्ताओं में खास उत्साह दिखा. स्वागत के लिए बाइक रैली भी निकाली गई, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए. पूरे रास्ते भगवा झंडे और बैनर लहराते नजर आए.

बापू सभागार में अभिनंदन समारोह

भाजपा की ओर से बापू सभागार में नितिन नवीन के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया. सभागार पूरी तरह भगवा रंग में रंगा नजर आया. मंच से लेकर दर्शक दीर्घा तक भगवा गमछे लहराते दिखे. जैसे ही नितिन नवीन मंच पर पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने तालियों और नारों से उनका स्वागत किया.

कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद

इस समारोह में बिहार के सभी जिलों से हजारों भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे. कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे. संगठन को और अधिक मजबूत करने का संदेश देंगे. पार्टी नेतृत्व ने इसे संगठन के लिए नई ऊर्जा का क्षण बताया.

बिहार के लिए गर्व का पल

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि 45 साल की उम्र में नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बिहार के लिए सम्मान की बात है. उन्होंने कहा कि यह पूरे राज्य के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का क्षण है और इससे संगठन को नई दिशा मिलेगी.

दो दिवसीय कार्यक्रम

अपने दो दिवसीय बिहार दौरे के दौरान नितिन नवीन कई संगठनात्मक और राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. नागरिक अभिनंदन समारोह के बाद वे पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक करेंगे.

विधानसभा भी जाएंगे

मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार विधानसभा जाएंगे. वहां विधायक और विधानपार्षद उनका स्वागत करेंगे. इसके बाद वे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के एक कार्यक्रम में भाग लेंगे. शाम को पटना एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे.

Also Read: बिहार में जमीन रजिस्ट्री वालों को बड़ी राहत, दस्तावेज बुकिंग से हटाया गया OTP, अब सिर्फ मोबाइल नंबर से होगा काम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >