Patna Crime News : बिहटा थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव में शुक्रवार सुबह पूर्व मुखिया सह कारोबारी संजय यादव (55) का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. परिजनों के अनुसार, संजय यादव न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की तैयारी कर रहे थे. गुरुवार रात करीब 11 बजे संजय यादव की अपने बेटे और अन्य परिजनों से बातचीत हुई थी.बातचीत में उन्होंने अपने पटना में होने की बात बताई थी. इसके बाद शुक्रवार सुबह उनका शव गांव के पूर्वी बधार स्थित खेत में मिला.
ग्रामीण बोरिंग के पास शव देख परिजनों को जानकारी दी
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह ग्रामीण खेत की ओर गए थे. इसी दौरान बोरिंग के पास संजय यादव का शव पड़ा मिला. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को शव उठाने से रोक दिया. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. सूचना पर बिहटा थाना पुलिस, दानापुर-2 डीएसपी अमरेंद्र कुमार झा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन और ग्रामीण डीएम-एसपी को मौके पर बुलाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े रहे.बाद में अधिकारियों के आश्वासन के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
एफएसएल की टीम कई साक्ष्य एकत्र किए
घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए पटना से एफएसएल टीम को बुलाया गया.टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए. वहीं, पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई और परिजनों की मौजूदगी में देर शाम तक पटना एम्स में पोस्टमार्टम कराया गया.
बिहटा-बिक्रम-औरंगाबाद मार्ग पर आगजनी की, चार घंटे आवागमन ठप
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया.लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया और बिहटा-बिक्रम-औरंगाबाद मुख्य मार्ग को जाम कर आगजनी की.राघोपुर तीन मोहानी के समीप सड़क जाम के कारण करीब चार घंटे तक वाहनों का परिचालन बाधित रहा.सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
जमीन विवाद में हत्या की आशंका, बहन का आरोप-पुलिस ने हत्या करवाई
परिजनों का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर संजय यादव की हत्या की गई है. उनका कहना है कि संजय यादव पिछले करीब आठ माह से फरार चल रहे थे और न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की तैयारी कर रहे थे.परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11 बजे संजय यादव की अपने बेटे और अन्य परिजनों से बातचीत हुई थी.बातचीत में उन्होंने अपने पटना में होने की बात बताई थी. इसके बाद शुक्रवार सुबह उनका शव गांव के पूर्वी बधार स्थित खेत में मिला.मृतक की बहन ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके भाई की हत्या कराई गई है. उन्होंने कुछ लोगों पर भी हत्या में संलिप्त होने की आशंका जताई. हालांकि पुलिस ने इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
हथियार बरामदगी मामले में आठ माह से चल रहे थे फरार
बताया जाता है कि 10 अक्टूबर को बिहटा थाना क्षेत्र के राघोपुर स्थित संजय यादव के घर पर पटना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की थी. पुलिस ने इस दौरान हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद करने का दावा किया था.मामले में संजय यादव के भाई और पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जबकि संजय यादव तब से फरार चल रहे थे.स्थानीय लोगों के अनुसार, संजय यादव धर्मकांटा, ट्रक संचालन और जमीन खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़े थे.उनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज थे. पुलिस को हथियार बरामदगी से जुड़े मामले में भी उनकी तलाश थी.
डीएम-एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे ग्रामीण
शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर डीएम और एसपी को बुलाने की मांग की.ग्रामीणों ने एसपी के नेतृत्व में मामले की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग रखी. इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने राजनीतिक नारेबाजी भी की.
पुलिस ने कहा- सभी बिंदुओं पर जांच जारी
पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) संकेत कुमार ने बताया कि राघोपुर गांव के खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है.शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है.मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
देर शाम पूर्व मुखिया के परिजनों से मिलने पहुंचे सांसद पप्पू यादव
देर शाम सांसद पप्पू यादव राघोपुर पहुंचकर पूर्व मुखिया संजय यादव के परिजनों से मुलाकात की.उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. इस दौरान परिजनों ने पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए आपबीती सुनाई एव मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. सांसद ने पूरे मामले की जानकारी ली और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
