Bihar Weather Update: बिहार में शुक्रवार को अचानक मौसम ने करवट लिया. सुबह-सुबह पटना समेत कई जिलों में हल्के बादल रहे और हवा चलने की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली. इस बीच मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है. आज (शुक्रवार) राज्य के उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण पश्चिमी और दक्षिण मध्य हिस्सों में कुछ जगहों पर तापमान 40 डिग्री से अधिक और सामान्य से तीन से चार डिग्री ऊपर रहने की उम्मीद है.
शनिवार और रविवार को बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग की माने तो, शनिवार को बिहार के 15 जिलों पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, भागलपुर, बांका, जमुई और मुंगेर के एक-दो जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. जबकि रविवार को पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद में एक-दो जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई कि बिहार में शनिवार से अगले सात दिनों के दौरान एक-दो जगहों और कुछ एक जिलों में अधिक जगहों पर बारिश की संभावना है. फिर भी तापमान में कुछ खास परिवर्तन नहीं होगा. लेकिन गर्मी से कुछ हद तक राहत जरूर मिलेगी.
पिछले 24 घंटे में बिहार का मौसम
बिहार में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 44.4 डिग्री अधिकतम तापमान बक्सर में दर्ज किया गया. जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री नालंदा में रहा. बिहार का अधिकतम तापमान 36.2 से 44.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. जबकि राज्य का न्यूनतम तापमान 21.0 से 27.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. पूर्वी चंपारण, बक्सर और शेखपुरा जिलों में लू दर्ज की गई. पटना में अधिकतम हवा की गति 52 किमी प्रति घंटा रही.
एक से सात मई तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की माने तो, 24 से 30 अप्रैल तक राज्य के पश्चिम और दक्षिण-मध्य भागों के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री, जबकि बाकी भागों के अनेक जिलों का 38 से 40 डिग्री रहने की संभावना है. पहले सप्ताह के दौरान दो से तीन दिनों के लिए राज्य के दक्षिण-पश्चिम भाग के कुछ जिलों में लू चलने की आशंका है.
एक से सात मई के दौरान राज्य के दक्षिण-मध्य भाग के कुछ जिलों का अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री, जबकि बाकी भाग के कई जिलों का 38 से 40 डिग्री रहने की संभावना है. राज्य के उत्तर-पूर्व भाग के अनेक जिलों का अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री रहने की संभावना है. इस बीच में न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा.
Also Read: पटना में डबल डेकर पुल से युवती ने लगाई छलांग, लोगों ने हवा में पकड़ा, गंभीर हालत में PMCH में भर्ती
