बिहार में खेलों को मिलेगा हाईटेक बूस्ट, इंटरनेशनल स्पोर्ट्स हब, शूटिंग रेंज और वाटर स्पोर्ट्स पर जानिए सरकार का प्लान

Bihar News: बिहार सरकार राज्य में खेल सुविधाओं को हाईटेक बनाने की तैयारी में जुटी है. वाटर स्पोर्ट्स अकादमी, शूटिंग रेंज और आधुनिक ट्रेनिंग सेंटर जैसे बड़े प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मिल सके.

Bihar News: बिहार सरकार अब राज्य में खेलों को नई पहचान देने की तैयारी में जुट गई है. खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा और आधुनिक ट्रेनिंग देने के लिए सरकार कई बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रही है. बुधवार को खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने खेल विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक की. बैठक में खेल सचिव विनोद सिंह गुंज्याल, खेल निदेशक आरिफ अहसन और विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

बैठक में खेल व्यवस्था को ज्यादा सक्रिय, पारदर्शी और परिणाम देने वाला बनाने पर जोर दिया गया. मंत्री ने निर्देश दिया कि विभागीय कामों की समीक्षा हर सोमवार और बुधवार को अनिवार्य रूप से की जाए.

बिहार में बनेगी मॉडर्न स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर

बैठक में बांका के ओढ़नी डैम में प्रस्तावित वाटर स्पोर्ट्स अकादमी और जमुई में बनने वाली शूटिंग रेंज परियोजना की समीक्षा की गई. मंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि दोनों परियोजनाओं का विस्तृत मॉडल और रिपोर्ट जल्द तैयार की जाए ताकि वित्तीय मंजूरी मिलते ही काम शुरू हो सके. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में दूसरे राज्यों की आधुनिक खेल सुविधाओं और बेहतरीन मॉडल को भी शामिल किया जाए.

खिलाड़ियों को बाहर भेजेगी सरकार

खेल मंत्री ने कहा कि बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को देश की बड़ी अकादमियों और ट्रेनिंग संस्थानों में भेजा जाएगा. वहीं राज्य के कोचों और प्रशिक्षकों को भी दूसरे राज्यों में ट्रेनिंग और अध्ययन के लिए भेजने की योजना है, ताकि वे नई तकनीक और आधुनिक ट्रेनिंग पद्धति सीख सकें.

राजगीर को बनाया जाएगा बड़ा स्पोर्ट्स हब

बैठक में राजगीर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल गतिविधियों का बड़ा केंद्र बनाने पर भी जोर दिया गया. मंत्री ने कहा कि देश के बड़े खिलाड़ियों और खेल हस्तियों को बिहार से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा. सरकार चाहती है कि प्रसिद्ध खिलाड़ी राजगीर आएं, यहां ट्रेनिंग दें और बिहार के खिलाड़ियों को प्रेरित करें.

PPP मॉडल पर खेल सुविधाओं का विकास

बैठक में खेल स्टेडियम और अन्य खेल सुविधाओं के संचालन के लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर भी चर्चा हुई. सरकार जिला और प्रखंड स्तर की खेल सुविधाओं को निजी भागीदारी के जरिए बेहतर तरीके से चलाने की तैयारी कर रही है. हालांकि मंत्री ने साफ कहा कि किसी भी खेल परिसर का इस्तेमाल गैर-खेल गतिविधियों के लिए नहीं होगा.

बिहार के पहले ओलंपियन को मिलेगा सम्मान

बैठक में बिहार के महान धावक और राज्य के पहले ओलंपियन शिवनाथ सिंह को सम्मानित करने का फैसला भी लिया गया. मंत्री ने कहा कि शिवनाथ सिंह ने 1976 और 1980 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. उनके संघर्ष और उपलब्धियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए खेल भवन में उनकी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा.

सितंबर में होंगे राज्य खेल

बैठक में बिहार ओलंपिक संघ द्वारा 27 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले राज्य खेलों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. सरकार का लक्ष्य है कि बिहार में इस बार उच्च स्तर का खेल आयोजन कराया जाए. इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए इंटरस्टेट एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू करने की योजना भी बनाई जा रही है, ताकि बिहार के खिलाड़ी दूसरे राज्यों में जाकर बेहतर ट्रेनिंग ले सकें.

Also Read: बिहार बोर्ड में छात्रों की शिकायतों के लिए नया सिस्टम शुरू, अब घर बैठे दर्ज होगी परेशानी, शिक्षा मंत्री ने किया उद्घाटन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >