महाराष्ट्र में पानी की टंकी फटने से बिहार के 6 मजदूरों की मौत, CM नीतीश ने किया मुआवजे का ऐलान

Bihar News: महाराष्ट्र के नागपुर में फैक्ट्री में पानी की टंकी फटने से हुए हादसे में बिहार के 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 9 घायल हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है.

Bihar News: महाराष्ट्र के नागपुर में शुक्रवार को हुए भीषण हादसे में बिहार के छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए. हादसा सुबह करीब 9:30 बजे नागपुर–चंद्रपुर राजमार्ग के पास स्थित बुटीबोरी MIDC क्षेत्र में ‘अवादा इलेक्ट्रो प्राइवेट लिमिटेड’ की सोलर पैनल निर्माण फैक्ट्री में हुआ. घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री परिसर में बनी एल्युमिनियम की पानी की टंकी की टेस्टिंग के दौरान यह हादसा हुआ. रामा बांध से लाए गए पानी से टंकी में हाई प्रेशर के साथ टेस्ट किया जा रहा था. इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ और टंकी फट गई. टंकी का ढांचा पानी के साथ ढह गया, जिसकी चपेट में पास में काम कर रहे मजदूर आ गए.

मृतकों की हुई पहचान

इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी मजदूर बिहार के रहने वाले थे. मृतकों की पहचान पश्चिम चंपारण के अरविंद ठाकुर (28) और बुलेट इंद्रजीत शाह (30), पहाड़पुर निवासी अशोक पटेल (42), मुजफ्फरपुर के अजय पासवान (26), सुधांशु कुमार साहनी (36) और शमीम अंसारी (42) के रूप में हुई है. मरने वालों में दो मजदूर मुजफ्फरपुर और दो पश्चिम चंपारण जिले से थे.

मुजफ्फरपुर के सुधांशु और अजय की मौके पर मौत

मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र के गबसरा गांव के रहने वाले सुधांशु कुमार और अजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. इसी गांव के प्रकाश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके पैर में फ्रैक्चर और सीने में गंभीर चोट आई है. वहीं, पश्चिम चंपारण के चनपटिया प्रखंड के मिश्रौली पटखौली गांव के अरविंद कुमार ठाकुर और बुलेट कुमार की भी जान चली गई.

मलबे में दबे मजदूरों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस की प्राथमिक जांच में टंकी निर्माण में तकनीकी खामी या घटिया सामग्री के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है.

सीएम नीतीश परिजनों को देंगे 2-2 लाख रुपये

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले बिहार के प्रत्येक मजदूर के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. साथ ही घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.

Also Read: Nitish Kumar: नीतीश कुमार की सास का निधन, अंतिम विदाई के लिए बांस घाट पहुंचे CM, IGIMS में चल रहा था इलाज


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >