Bihar Ration Card: बिहार में राशन कार्डधारियों के लिए ई-केवाईसी कराना अब जरूरी कर दिया गया है. बिहार सरकार ने साफ कर दिया है कि सभी लाभुकों को यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी, नहीं तो आने वाले समय में उन्हें सरकारी राशन योजना का लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है. इसके लिए सरकार ने अंतिम तारीख बढ़ाकर 31 मार्च कर दी है.
स्थिति चिंताजनक
बिहार में टोटल 8 करोड़ 20 लाख राशन कार्ड लाभार्थी हैं. इनमें से लगभग डेढ़ करोड़ लोगों ने अब तक अपनी केवाईसी अपडेट नहीं करवाया है. सरकार ने पहले इसकी तारीख 15 फरवरी रखी थी, जिसे बढ़ाकर 28 फरवरी किया गया और अब इसे 31 मार्च तक बढ़ा दिया गया है. विभाग का कहना है कि लोग जानकारी की कमी या राज्य से बाहर होने के कारण यह काम नहीं करा पा रहे हैं.
इन जिलों में सुस्त है काम
ई-केवाईसी के मामले में कुछ जिले काफी पीछे चल रहे हैं. इनमें वैशाली, सिवान, सीतामढ़ी, औरंगाबाद, समस्तीपुर, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, पश्चिम चंपारण और अररिया शामिल हैं. इन जिलों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे जल्द से जल्द सभी लाभार्थियों का वेरिफिकेशन पूरा करवाएं.
दूसरे राज्यों में रहने वालों के लिए बड़ी राहत
बिहार के लोग काम के सिलसिले में दिल्ली, मुंबई या अन्य शहरों में रहते हैं. सरकार ने साफ किया है कि ई-केवाईसी कराने के लिए आपको अपने गांव या शहर लौटने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. आप भारत के किसी भी राज्य में अपनी नजदीकी राशन दुकान पर जाकर अपना अंगूठा लगाकर ई-केवाईसी करवा सकते हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
33 लाख नाम कटे
सरकार राशन कार्डों की सफाई भी कर रही है. राज्य में 57 लाख कार्डधारक संदिग्ध पाए गए हैं. इनकी जांच चल रही है और नोटिस भेजे जा रहे हैं. जिन लोगों के जवाब सही नहीं मिले, ऐसे 33 लाख लोगों के नाम अब तक हटाए जा चुके हैं. अगर आप अपना राशन सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो समय रहते यह प्रक्रिया पूरी कर लें.
इसे भी पढ़ें: बिहार के 17 जिलों में अगले 48 घंटे में बारिश और वज्रपात की चेतावनी, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
