Bihar New Four Lane Bridge: पटना और हाजीपुर के बीच सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए एक बहुत अच्छी खबर है. महात्मा गांधी सेतु के समानांतर यानी ठीक बगल में गंगा नदी पर बन रहे नए फोरलेन पुल का निर्माण कार्य करीब 73 प्रतिशत पूरा हो चुका है. हाल ही में पथ निर्माण विभाग की टीम ने साइट का निरीक्षण किया. बिहार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया है कि काम की क्वालिटी से बिना कोई समझौता किए इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए.
दिसंबर 2026 तक पूरा करने का है लक्ष्य
इस बड़े प्रोजेक्ट को पूरा करने की आखिरी समय-सीमा दिसंबर 2026 तय की गई है. इस मेगा प्रोजेक्ट में मुख्य पुल की लंबाई लगभग 5.6 किलोमीटर है. अगर इसमें एप्रोच रोड, रेल ओवरब्रिज और फ्लाइओवर को भी जोड़ दिया जाए, तो इसकी कुल लंबाई 14.5 किलोमीटर हो जाती है. अच्छी बात यह है कि पुल का ज्यादातर सुपर-स्ट्रक्चर यानी ऊपरी ढांचा बनकर तैयार हो चुका है. कई जगहों पर पाइलन, केबल, स्पैन और डेक स्लैब का काम भी फाइनल हो चुका है और अब बचे हुए हिस्सों पर आखिरी दौर का काम तेजी से चल रहा है.
2021 में शुरू हो पाया था जमीनी काम
आपको बता दें कि इस पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 2926.42 करोड़ रुपये है. केंद्रीय कैबिनेट ने 17 दिसंबर 2018 को ही इस परियोजना को मंजूरी दे दी थी. पर्यावरण और दूसरी तकनीकी मंजूरियों में देरी होने की वजह से काम तुरंत शुरू नहीं हो पाया था. इसके बाद 4 सितंबर 2020 को ठेकेदार को निर्माण की जिम्मेदारी दी गई और जमीनी स्तर पर काम की शुरुआत साल 2021 में हो सकी. तब से लेकर अब तक पुल का काम काफी तेजी से आगे बढ़ा है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
इस नए पुल के बनने से जनता को क्या फायदा होगा
इस नए फोरलेन पुल के पूरी तरह चालू हो जाने के बाद पुराने महात्मा गांधी सेतु और इस नए पुल को मिलाकर गाड़ियों के आने-जाने के लिए कुल 8 लेन की क्षमता मिल जाएगी. इससे पटना और हाजीपुर के बीच सालों से लगने वाले भीषण जाम की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी.
उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच का सफर न सिर्फ तेज होगा बल्कि सुरक्षित भी हो जाएगा. इस पुल के बनने से पटना के साथ-साथ वैशाली, मुजफ्फरपुर और सारण के लोगों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे लोग बहुत कम समय में अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे.
इसे भी पढ़ें: बिहार असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती का शेड्यूल जारी, 3687 पदों के लिए 15 जुलाई तक करें आवेदन
बिहार में स्टेट हाईवे पर लगेगा टोल, 2500 रुपये में अनलिमिटेड सफर, बाइक पर भी लगेगा टैक्स
