Bihar Monsoon Update: पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने 16 जून से 21 जून तक के लिए पूर्वानुमान जारी किया है. मानसून की एंट्री के बाद राज्य में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. मौसम विभाग ने 16 जून को राज्य के एक बड़े हिस्से में भारी बदलाव का अनुमान जताया है. इस दिन सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज समेत 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और भारी बारिश हो सकती है. पश्चिम चंपारण, सीवान और सारण में येलो अलर्ट जारी किया गया है. पटना, गया, बक्सर और भोजपुर सहित दक्षिण बिहार के अधिकांश जिले मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है.
17 जून को कैसा रहेगा मौसम
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 17 जून को सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और जमुई में मौसम सामान्य रहेगा. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, सीवान, सारण और चंपारण समेत बिहार के बाकी सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.
19 जून को पटना-गया समेत दक्षिण बिहार में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 19 जून को मौसम एक बार फिर करवट लेगा और इस बार दक्षिण बिहार के जिलों पर संकट मंडराएगा. पटना, गया, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, नालंदा, नवादा, बेगूसराय और भागलपुर समेत कुल 18 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चलने और भारी वज्रपात गिरने की चेतावनी दी गई है. इस दौरान चंपारण, सारण, सीवान, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया-किशनगंज में खतरे का स्तर थोड़ा कम रहेगा और वहां येलो अलर्ट लागू जारी किया गया है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
20 जून को सतर्क रहने की सलाह
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 20 जून को फिर से आंधी-पानी का दौर लौटेगा. चंपारण, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, पूर्णिया और किशनगंज में दोबारा ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहां भारी बारिश का अनुमान है. पटना, गया और भागलपुर जिलों में सिर्फ येलो अलर्ट रहेगा. मौसम वैज्ञानिकों ने आम लोगों और विशेषकर किसान भाइयों को सलाह दी है कि ऑरेंज और येलो अलर्ट के दिनों में, खासकर बिजली कड़कने के दौरान, खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से बिल्कुल दूर रहें.
इसे भी पढ़ें: ‘एक भाई जेल में, दूसरे की मौत’, प्रिंस यादव की मौत पर भड़के पप्पू यादव, बोले- हत्यारों पर तुरंत हो कार्रवाई
