Bihar Government: बिहार में बढ़ती गर्मी और जलवायु परिवर्तन को लेकर राज्य सरकार अब बड़ा कदम उठाने जा रही है. डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा कि पटना में तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई दिनों से पारा 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है. हालात ऐसे हैं कि दिन में चलने वाली हवा भी आग जैसी महसूस हो रही है. उन्होंने कहा कि अगर समय रहते लोग और सरकार सतर्क नहीं हुए तो आने वाले दिनों में बिहार की स्थिति भी दूसरे गर्म राज्यों जैसी हो सकती है.
बढ़ती गर्मी पर सरकार गंभीर
विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन को लेकर काम आज से नहीं, बल्कि साल 2019 से ही शुरू हो गया था. उस समय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जल-जीवन-हरियाली अभियान चलाया गया था. उन्होंने बताया कि उस दौरान वह विधानसभा अध्यक्ष थे और करीब से इस योजना को लागू होते देखा था.
उन्होंने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान का असर अब जमीन पर दिखने लगा है. बिहार में भूजल स्तर में सुधार देखने को मिल रहा है और कई इलाकों में पानी की स्थिति पहले से बेहतर हुई है.
नई गाड़ियों पर लगेगा 1 प्रतिशत सेस
डिप्टी सीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार की नीतियों को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है. इसी के तहत बिहार सरकार ने बिहार एनवायरनमेंट फंड बनाने का निर्णय लिया है. इस फंड में अलग-अलग विभागों से 0.25 प्रतिशत सेस लिया जाएगा.
इसके अलावा राज्य में नई गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन पर भी 1 प्रतिशत अतिरिक्त सेस लगाया जाएगा. यह पैसा सीधे क्लाइमेट फंड में जमा होगा. सरकार इस फंड का इस्तेमाल पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने, जलवायु परिवर्तन से निपटने और गर्मी के असर को कम करने वाले कामों में करेगी.
कैसे लगेगा एक्स्ट्रा पैसा
सरकार के अनुसार जब कोई व्यक्ति बिहार में नई गाड़ी खरीदेगा और उसका रजिस्ट्रेशन करवाएगा, तब उसे रजिस्ट्रेशन फीस के अलावा अतिरिक्त राशि भी देनी होगी. इसी अतिरिक्त राशि को सेस कहा जाता है.
उदाहरण के तौर पर अगर किसी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन अमाउंट 10 लाख रुपये है, तो उसके ऊपर करीब 10 हजार रुपये अतिरिक्त देने पड़ सकते हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
यूपी का उदाहरण देकर चेताया
विजय कुमार चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के एक जिले में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. उन्होंने कहा कि जब 41 डिग्री में बिहार के लोग परेशान हो रहे हैं, तब सोचिए 48 डिग्री में लोग कैसे रह रहे होंगे. उन्होंने लोगों से पर्यावरण और जलवायु को लेकर अभी से सतर्क रहने की अपील की.
इसे भी पढ़ें: BPSC TRE 4 भर्ती को लेकर आया अपडेट, जल्द आएगा नोटिफिकेशन, सरकार ने तेज की तैयारी
