खुसरूपुर (पटना) से नवीन कुमार की रिपोर्ट
Khusrupur Baikunthnath Dham : बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने शुक्रवार को खुसरूपुर स्थित ऐतिहासिक श्री गौरीशंकर बैकुंठनाथ धाम मंदिर पहुंचकर नवनिर्मित पुलिस ओपी का उद्घाटन किया. मंदिर परिसर में न्यास समिति के सदस्यों ने डीजीपी का स्वागत किया. नगर अध्यक्ष मिंटू कुमार ने उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. वहीं, पूजा-अर्चना के बाद मंदिर न्यास समिति के सचिव राजाराम सिंह ने डीजीपी विनय कुमार को अंगवस्त्र और बैकुंठनाथ धाम मंदिर का स्मृति चिह्न भेंट किया.
भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर मांगी प्रदेश की सुख-समृद्धि की मन्नत
पुलिस ओपी के उद्घाटन के बाद डीजीपी विनय कुमार ने भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और जलाभिषेक किया. उन्होंने प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि के लिए मन्नत मांगी. इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद लोगों और न्यास समिति के सदस्यों ने उनका स्वागत किया.
धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा के लिए बनाई गयी पुलिस ओपी
डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि बैकुंठनाथ धाम आस्था का अद्भुत केंद्र है. यहां बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ओपी का सृजन किया गया है.
उन्होंने कहा कि पूजा और दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं का ध्यान धार्मिक गतिविधियों पर रहता है. ऐसे में असामाजिक तत्व इसका फायदा उठाकर चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं. नयी पुलिस ओपी के शुरू होने से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
डीजीपी ने कहा कि राज्य के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी जरूरत के अनुसार पुलिस चौकियां बनायी जाएंगी, ताकि धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके.
ओपी में थानाध्यक्ष समेत 13 पुलिसकर्मियों की तैनाती
बैकुंठनाथ धाम मंदिर में शुरू की गयी पुलिस ओपी में ओपी थानाध्यक्ष के अलावा एक एसआई, दो एएसआई और 10 सिपाहियों की तैनाती की गयी है. पुलिसकर्मियों की तैनाती से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की उम्मीद है.
खुसरूपुर थाना भवन को लेकर भी डीजीपी ने दिया आश्वासन
खुसरूपुर थाना के अपने भवन नहीं होने को लेकर पूछे गये सवाल पर डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि जनप्रतिनिधि जमीन चिह्नित करें. जमीन उपलब्ध होते ही चार मंजिला आधुनिक थाना भवन का निर्माण कराया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी थाना किराये के मकान में संचालित नहीं हो. इसके लिए जरूरी जगह उपलब्ध होने पर आधुनिक थाना भवन का निर्माण कराया जाएगा.
कार्यक्रम के दौरान पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
Also Read : VIDEO : बिहार में बाढ़ को लेकर सम्राट सरकार की क्या है तैयारी, कैसे निपटेंगे वीडियो में जानिए
