Vijay Sinha: बिहार में अंचलाधिकारी और राजस्व अधिकारियों की जारी हड़ताल के बीच सरकार का रुख सख्त होता दिख रहा है. उपमुख्यमंत्री सह भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने हड़ताल पर बैठे अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने साफ कहा है कि समय रहते काम पर लौट आएं, नहीं तो सरकार सख्त कार्रवाई करेगी.
मंगलवार को जारी अपने बयान में विजय सिन्हा ने कहा कि हड़ताल के दिनों की गिनती की जा रही है. अगर अधिकारी जल्द काम पर नहीं लौटे तो उनके खिलाफ कार्रवाई तय है.
‘भ्रम में न रहें, NDA की ही सरकार रहेगी’
डिप्टी CM ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि किसी को भी भ्रम में नहीं रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि बिहार में पहले भी एनडीए की सरकार थी और आगे भी रहेगी. उन्होंने कहा, ‘कुछ लोग सोच रहे हैं कि परिस्थितियां बदल जाएंगी और उन्हें राहत मिल जाएगी. वे इस गलतफहमी में न रहें. सरकार जनता के हित में काम कर रही है और किसी की साजिश सफल नहीं होगी.’
काम करने वाले अधिकारियों को दी जा रही धमकी
विजय सिन्हा ने यह भी आरोप लगाया कि जो अधिकारी काम कर रहे हैं, उन्हें डराने और धमकाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है. मंत्री ने कहा कि जो लोग काम करने वाले अधिकारियों को भड़का रहे हैं, वे ऐसा करने से बाज आएं. सरकार ऐसे लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करेगी.
लाखों लंबित मामलों का किया जिक्र
डिप्टी CM ने कहा कि राजस्व विभाग में बड़ी संख्या में मामले लंबित हैं. करीब 46 लाख परिमार्जन के मामले पेंडिंग पड़े हैं. इसके अलावा करीब 8 लाख म्यूटेशन के आवेदन भी लंबित हैं. उन्होंने कहा कि सरकार इन सभी मामलों को जल्द निपटाना चाहती है. इसलिए अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और काम पर लौटना चाहिए.
‘राजस्व विभाग पहले अभिशाप बन गया था’
विजय सिन्हा ने कहा कि एक समय ऐसा था जब राजस्व विभाग लोगों के लिए अभिशाप बन गया था. अब सरकार व्यवस्था को सुधारने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि जनता के हित में शुरू किए गए काम हर हाल में पूरे किए जाएंगे. जो अधिकारी काम करेंगे, उन्हें सम्मान मिलेगा. जो काम नहीं करेंगे, उन्हें चेत जाना चाहिए.
सरकार बना रही वैकल्पिक व्यवस्था
डिप्टी CM ने सोमवार को भी हड़ताल को लेकर सख्त बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि अगर अधिकारी काम पर नहीं लौटे तो सरकार वैकल्पिक व्यवस्था करेगी. जरूरत पड़ने पर अंचलाधिकारियों की जगह बीडीओ को प्रभार दिया जा सकता है. इसके साथ ही सरकार नए अधिकारियों की बहाली भी कर सकती है.
निलंबन की भी दी चेतावनी
विजय सिन्हा ने कहा कि अगर अधिकारी काम पर नहीं लौटे तो निलंबन की कार्रवाई भी शुरू हो सकती है. उन्होंने अंचलाधिकारियों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और हड़ताल समाप्त करें. मंत्री ने कहा कि सरकार बातचीत के लिए तैयार है. बातचीत के जरिए समस्या का समाधान निकाला जा सकता है. लेकिन डर और अराजकता फैलाने की राजनीति बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
Also Read: टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद पटना पहुंचे ईशान किशन, बोले- मेहनत करेंगे तो कहीं से भी आगे बढ़ सकते हैं
