Bihar Cricket News: (दिलीप कुमार की रिपोर्ट)
वैशाली जिले के महुआ गांधी मैदान में आयोजित SRS कप 2026 के फाइनल मुकाबले में बिहार की करीम इलेवन मधुबनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महाराष्ट्र को 33 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. हजारों दर्शकों की मौजूदगी में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया.
टॉस जीतकर महाराष्ट्र ने चुनी गेंदबाजी
फाइनल मुकाबले में उपसभापति रोमी यादव की मौजूदगी में दोनों टीमों के कप्तानों के बीच टॉस हुआ. टॉस जीतकर महाराष्ट्र ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया. दर्शकों की भारी भीड़ के बीच मैच की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई.
बिहार ने बनाए 135 रन, दिखाया दमदार प्रदर्शन
पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार की करीम इलेवन मधुबनी टीम ने निर्धारित 8 ओवर में 6 विकेट खोकर 135 रन बनाए. टीम के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में रन जुटाए और महाराष्ट्र के सामने मजबूत लक्ष्य रखा.
महाराष्ट्र की टीम 103 रन पर सिमटी
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाराष्ट्र की टीम 8 ओवर में 6 विकेट खोकर केवल 103 रन ही बना सकी. बिहार की गेंदबाजी के सामने महाराष्ट्र के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर पाए और टीम 33 रन से मुकाबला हार गई.
शंकर हादसा बने मैन ऑफ द मैच
फाइनल मुकाबले में बिहार के खिलाड़ी शंकर हादसा ने मात्र 11 गेंदों में 41 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया. उनकी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया.
लोकेश चाइना बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
टूर्नामेंट में ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले रेड डेविड नोएडा के कप्तान लोकेश चाइना को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. उनके लगातार शानदार प्रदर्शन की खूब सराहना की गई.
टाइगर उस्मान पटेल को मिला बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार
महाराष्ट्र के खिलाड़ी टाइगर उस्मान पटेल को पूरे टूर्नामेंट में 164 रन बनाने के लिए बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार दिया गया. हालांकि उनकी बेहतरीन पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी.
हजारों दर्शकों की मौजूदगी में खेला गया फाइनल
गांधी मैदान में आयोजित इस फाइनल मुकाबले को देखने के लिए हजारों की संख्या में खेल प्रेमी पहुंचे. मैदान खचाखच भर गया और आसपास के घरों की छतों से भी लोगों ने मैच का आनंद लिया.
गणमान्य लोगों ने बढ़ाया आयोजन का उत्साह
इस मौके पर स्थानीय विधायक सह पीएचईडी मंत्री संजय सिंह, सभापति नवीनचंद्र भारती, उपसभापति रोमी यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. आयोजनकर्ता चंदन यादव ने अतिथियों का स्वागत बुके भेंट कर किया.
आयोजन में दिखी सक्रिय भागीदारी
मैच के सफल आयोजन में अभय कुमार आर्य, प्रो. डॉ. अरुण गुप्ता, चंदन यादव, अशोक यादव, अजित कुमार पासवान, संजीव पासवान, अनंत सिंह, भोला कुमार, बब्बू यादव और रौशन आनंद बाबा सहित कई लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई.
ALSO READ: Bihar MLC Election में BJP ने खेला सवर्ण कार्ड, अति पिछड़ों को भी जगह, BJP ने कैसे साधा चुनावी गणित?
