Bankipur By Election Result: पटना की बांकीपुर सीट के लिए आज रिजल्ट घोषित किए जायेंगे. दूसरी तरफ, वोटों की गिनती से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे. आज सावन की पहली सोमवारी भी है. ऐसे में तेजस्वी यादव ने मंदिर में पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-पाठ किया और हरिहरनाथ का आशीर्वाद लिया.
एक्स पर तेजस्वी ने क्या-क्या लिखा?
तेजस्वी यादव ने तस्वीरों को एक्स पर शेयर भी किया. उन्होंने लिखा, 'सावन की पहली सोमवारी के पावन अवसर पर सोनपुर के विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक कर बाबा हरिहरनाथ जी से राज्य में सुख-शांति, समृद्धि-सौहार्द, प्रगति और सभी के मंगलमय जीवन की कामना की'.
आगे उन्होंने यह भी लिखा कि मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. सभी शिवभक्तों और कांवरियों से शांतिपूर्ण, सुरक्षित यात्रा करने और पूजा-अर्चना उपरांत सकुशल घर लौटने की अपील की. बाबा हरिहरनाथ जी की कृपा सभी पर बनी रहे. हर हर महादेव! जय भोलेनाथ!
बांकीपुर सीट के लिए वोटिंग जारी
बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को वोट डाले गए थे. ऐसे में आज वोटों की गिनती हो रही है. इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है. बीजेपी के नीरज कुमार, जन सुराज के प्रशांत किशोर और आरजेडी की रेखा गुप्ता के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है.
आरजेडी की रेखा गुप्ता ने किया था दावा
आरजेडी की कैंडिडेट रेखा गुप्ता ने उपचुनाव में जीत का दावा किया था. इसके साथ ही कोई भी मुकाबला नहीं होने की बात कही थी. साथ ही रोड शो के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा था, इस बार बांकीपुर की जनता ने बदलाव का मन बना लिया है और राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता की जीत तय है. उन्होंने दावा किया था कि इस चुनाव में राजद मजबूत स्थिति में है.
Also Read: Bankipur By Election Result: बांकीपुर का फैसला आज, एक सीट का चुनाव, दूर तक जाएगा राजनीतिक मैसेज
