Patna News: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना सोमवार को एएन कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र में सुबह आठ बजे से होगी. एएन कॉलेज के परीक्षा भवन में आयोजित संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने मतगणना से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर पहुंचने के सख्त निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप ही सभी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा.
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतगणना केंद्र के भीतर केवल उन्हीं व्यक्तियों को प्रवेश दिया जाएगा, जिनके पास अधिकृत प्रवेश पत्र (पास) होगा. उन्होंने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति के लिए अलग-अलग पास निर्गत किया गया है और एक पास केवल एक ही व्यक्ति के लिए मान्य रहेगा. इसके अलावा, मतगणना केंद्र के अंदर मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु लेकर जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा.
गेट नंबर 1 से प्रत्याशी और गेट नंबर 2 से मीडिया व कर्मियों की इंट्री
डीएम ने मतगणना केंद्र में प्रवेश के रास्तों की जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी (अभ्यर्थी) और उनके अधिकृत प्रतिनिधि एएन कॉलेज के गेट नंबर एक से प्रवेश करेंगे. वहीं मतगणना कार्य में लगे कर्मियों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रवेश के लिए गेट नंबर दो निर्धारित किया गया है.
सघन जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश, सुगम यातायात के लिए रूट प्लान तैयार: एसएसपी
संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने तैनात सभी मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रवेश पास की कड़ाई से जांच करने और सघन सुरक्षा पड़ताल के बाद ही किसी को अंदर जाने दें.
एसएसपी ने आगे बताया कि मतगणना के दिन शहर में सुगम और निर्बाध यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है. उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को इस यातायात रूट प्लान को कड़ाई से लागू कराने का निर्देश दिया है.
Also Read: पटना में सफाई कर्मियों के हड़ताल का चौथा दिन, रातभर अभियान चलाकर निगम ने उठाया 235 टन कचरा
