Patna News : पटना जिले के धनरूआ प्रखंड के बहरामपुर ओपी क्षेत्र के बड़की धनौल गांव में विवाहिता अंजली कुमारी की मौत के मामले में बुधवार को मायके वालों की लिखित शिकायत पर पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. नामजद आरोपितों में पति अरुण पासवान के अलावा श्रवण पासवान, करण कुमार, मिलनी देवी, सत्येंद्र पासवान, संजय पासवान, महेश पासवान, विकास पासवान और माली देवी शामिल हैं.
दो लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप
मृतका के पिता और बहरामपुर ओपी क्षेत्र के छितरौली गांव निवासी सुरेंद्र पासवान ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज में दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे. मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी के साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी.
दो साल पहले हुई थी शादी
प्राथमिकी के अनुसार अंजली कुमारी की शादी करीब दो वर्ष पूर्व धमौल निवासी स्वर्गीय गजेंद्र पासवान के पुत्र अरुण पासवान के साथ हुई थी. शादी के कुछ महीने बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए अंजली को प्रताड़ित करने लगे थे. मायके वालों का आरोप है कि लगातार दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण उसे प्रताड़ित किया जा रहा था.
गला दबाकर हत्या करने का आरोप
मृतका के पिता ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि साजिश के तहत पति अरुण पासवान समेत अन्य ससुराल वालों ने अंजली की गला दबाकर हत्या कर दी. हालांकि, हत्या के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी.
पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया
गौरतलब है कि मंगलवार को बहरामपुर पुलिस ने अंजली का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था. मायके वालों ने अंतिम संस्कार से लौटने के बाद लिखित शिकायत देने की बात पुलिस को बताई थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
