AIIMS पटना का होगा विस्तार, 200 अतिरिक्त बेड बढ़ेंगे, मरीजों को मिलेगी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधा

AIIMS Patna News : एम्स पटना के प्रस्तावित विस्तार के तहत 200 अतिरिक्त बेड जोड़े जाएंगे. निरीक्षण के दौरान बर्न सेंटर, ओपीडी, आईपीडी और न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग की समीक्षा की गई. विस्तार योजना से बिहार और पड़ोसी राज्यों के मरीजों को बेहतर एवं अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी.

पटना से अजीत की रिपोर्ट
AIIMS Patna News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को एम्स पटना का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं, आधारभूत संरचना और संस्थान की प्रस्तावित विस्तार योजना की विस्तृत समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने बर्न सेंटर, बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी), न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग, आंतरिक रोगी विभाग (आईपीडी) सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों का निरीक्षण किया तथा चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और अधिकारियों से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली.

200 अतिरिक्त बेड बढ़ाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने एम्स पटना के प्रस्तावित विस्तार के लिए चिन्हित भूमि का भी निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि बिहार ही नहीं, बल्कि आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए एम्स पटना पहुंचते हैं. ऐसे में संस्थान का विस्तार समय की आवश्यकता है.

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित योजना के तहत नए क्लीनिकल ब्लॉक, अत्याधुनिक उपचार सुविधाएं तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए उन्नत आधारभूत संरचना विकसित की जाएगी. विस्तार कार्य पूरा होने के बाद एम्स पटना में लगभग 200 अतिरिक्त बेड उपलब्ध होंगे, जिससे मरीजों की उपचार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और अधिक लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी.

स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिहार में तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा एम्स पटना के समग्र विकास और विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा. उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान का विस्तार बिहार के लोगों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती देगा.

विकास योजनाओं की हुई समीक्षा

दौरे के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने संस्थान की वर्तमान परियोजनाओं, आधारभूत संरचना की जरूरतों और भविष्य की विकास योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

इस अवसर पर एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया. मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, उपनिदेशक (प्रशासन), वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, संकाय सदस्यों तथा अन्य अधिकारियों ने संस्थान की उपलब्धियों, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और प्रस्तावित विस्तार परियोजनाओं की जानकारी दी.

मुख्यमंत्री के इस दौरे को बिहार सरकार और एम्स पटना की गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. प्रस्तावित विस्तार से आने वाले समय में बिहार सहित पड़ोसी राज्यों के लाखों मरीजों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा.

Also Read: बांकीपुर उपचुनाव में BJP की साख दांव पर, प्रशांत किशोर उतरे तो उनके लिए भी होगी अग्निपरीक्षा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >