Patna Crime: कंकड़बाग थाना पुलिस ने परबत्ता विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक डॉ. संजीव कुमार से 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
मोबाइल मैसेज भेजकर मांगी थी रंगदारी
पुलिस के अनुसार 25 जुलाई 2026 को कंकड़बाग थाना क्षेत्र के एमआईजी-350 निवासी पूर्व विधायक डॉ. संजीव कुमार के मोबाइल पर मैसेज भेजकर 1 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी. मामले की शिकायत मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
तकनीकी अनुसंधान से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल डेटा के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कन्हाई कुमार (21) को गिरफ्तार कर लिया. वह मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र स्थित आरा मोहल्ला का निवासी है. पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है.
कई मामलों में पहले भी रहा है आरोपित
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ साहेबगंज, मॉडल सदर और ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्रों में विभिन्न धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं.
अन्य कनेक्शन की जांच जारी
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि रंगदारी मांगने की इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है. साथ ही आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और संपर्कों की भी जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन छानबीन जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार में शिक्षकों के लिए नई एसओपी जारी, ट्रांसफर से पहले ये 5 बातें जानना जरूरी
