पटना का पारा 9 से नीचे, राज्य में 15 और की मौत, अस्पताल अलर्ट

पटना : राज्य में ठंड का कहर जारी है. पिछले 24 घंटे में ठंड से 15 और लोगों की मौत हो गयी. रविवार को गया में तीन, समस्तीपुर, बेगूसराय, वैशाली व नवादा में दो-दो, जहानाबाद, रोहतास, पटना व मुजफ्फरपुर में एक-एक लोग की मौत हुई. शनिवार को भी 16 लोगों की जान ठंड से चली […]

पटना : राज्य में ठंड का कहर जारी है. पिछले 24 घंटे में ठंड से 15 और लोगों की मौत हो गयी. रविवार को गया में तीन, समस्तीपुर, बेगूसराय, वैशाली व नवादा में दो-दो, जहानाबाद, रोहतास, पटना व मुजफ्फरपुर में एक-एक लोग की मौत हुई. शनिवार को भी 16 लोगों की जान ठंड से चली गयी थी. पिछले 48 घंटे में कुल 31 लोगों की जान जा चुकी है. रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 14.0 डिग्री रहा, जो सामान्य से 12 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम है.

राज्य में अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट जारी है और न्यूनतम व अधिकतम तापमान में कमी होने से ठंड बढ़ गयी है. इसके मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी अस्पतालों को अलर्ट करते हुए सभी सिविल सर्जन को इमरजेंसी में 24 घंटे डॉक्टरों की मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. विभाग के निर्देश में कहा गया है कि ठंड के कारण डायरिया, सर्दी और खांसी के मरीजों की संख्या अधिक हो जाती है. खासकर बच्चों में निमोनिया की शिकायत अधिक हो जाती है. ऐसे में सर्दी और खांसी के बचाव की दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें. राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक शशिभूषण कुमार ने बताया कि शनिवार को सिविल सर्जनों की बैठक में उनको विशेष हिदायत दे दी गयी है.
अचानक से अधिकतम तापमान में हुई गिरावट से रविवार को लोग दिन भर ठंड से घरों में ठिठुरते रहे और सड़कें खाली रहीं. दिन भर धूप नहीं निकलने से लोगों को छतों पर भी जाने का मौका नहीं मिला, लेकिन कुछ लोग ठंड में पार्कों का भी मजा लेते दिखे. सुबह में कोहरा अधिक होने से उसे भी छंटने में काफी देर लगा और दिन भर ऐसा लगा कि आसमान में हल्का बादल छाया हुआ है. रविवार को दिन भर पछुआ हवा चली है.पटना. राज्य में ठंड से पिछले 24 घंटों में 13 और लोगों की मौत हो गयी है.
पटना में कक्षा एक तक स्कूल बंद

शीतलहर व ठंड को देखते हुए कक्षा एक तक (मोंटेसरी, यूकेजी व एलकेजी) सभी स्कूलों को 15 दिसंबर तक बंद कर दिया गया है. वहीं आठवीं क्लास तक के बच्चों की कक्षाएं अब सुबह दस बजे से ही चलेंगी, लेकिन नौवीं से 12वीं तक चलने वाली कक्षाएं अभी पूर्व की तरह नौ बजे से ही चलेंगी. इसको लेकर डीएम संजय कुमार अग्रवाल ने निर्देश जारी कर दिया है. डीएम ने कहा कि सुबह में कोहरे व शीतलहर के चलते बच्चों को स्कूल जाने में काफी परेशानी हो रही है.

राजधानी समेत 26 ट्रेनें सप्ताह में एक दिन रद्द

राजधानी व संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस सहित 26 ट्रेनें (13 जोड़ी) 17 दिसंबर से 15 जनवरी तक सप्ताह में एक दिन रद्द रहेंगी. पूर्व मध्य रेल ने घने कोहरे की वजह से ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के मद्देनजर यात्रियों को हो रही परेशानी के मद्देनजर यह निर्णय लिया है. पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ अरविंद कुमार रजक ने बताया कि पूर्व मध्य रेल की 13 जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों को सप्ताह में एक दिन रद्द किया गया है, जिनमें दानापुर रेल मंडल से खुलने और गुजरनेवाली छह जोड़ी ट्रेनें शामिल हैं. इधर ट्रेन परिचालन बाधित होने से विमान कंपनियों ने पटना से अपनी फ्लाइट का किराया चार गुने से अधिक बढ़ा दिया है.

सभी जिलों में अलाव जलाने का निर्देश
आपदा प्रबंधन विभाग के संयुक्त सचिव अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि शीतलहर के मद्देनजर सभी जिलों को अलाव जलाने और जिले के वरीय अधिकारियों की टीम से इसकी मॉनीटरिंग कराने का निर्देश दिया गया है. इसके लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध करा दी गयी. उन्होेंने कहा कि फिलहाल ठंड से किसी की मौत की सूचना विभाग को नहीं मिली है. सूचना मिलने पर उचित कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >