ड्रॉप आउट वाले 1662 हाइस्कूलों में बनेगा किशोरी मंच
पटना : बड़ी होती लड़कियों में पढ़ने की ललक बनाये रखने और उन्हें स्मार्ट बनाने की मुहिम शिक्षा विभाग चलायेगा. इसके लिए लड़कियों के मामले में सर्वाधिक ड्राॅप आउट वाले प्रदेश के 1662 गर्ल्स स्कूलों में बालिका सशक्तीकरण योजना प्रारंभ की जा रही है.
15 जनवरी से आरंभ होने वाली इस योजना में लड़कियों को मनोवैज्ञानिक और शैक्षणिक तौर पर सशक्त करने के लिए विशेष रणनीति बनायी गयी है. योजना के तहत स्कूलों में किशोरी मंच का गठन किया गया है. इसमें लड़कियों के लिए उपयोगी खासतौर पर दस विशेष गतिविधियां प्रारंभ की जायेंगी. इस कार्यक्रम में लड़कियों को मनोवैज्ञानिक तौर पर सशक्त करने के लिए प्रेरक कहानियों से लेकर पर्यावरण में उनकी सशक्त भूमिका से भी परिचित कराया जायेगा.
प्रत्येक स्कूल के लिए एक ट्रेनर नियुक्त किया जा रहा है, जो उन्हें को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ेगा. खासतौर पर कक्षा 9 से 12 तक की लड़कियों की ‘हिचक’ को दूर किया जायेगा ताकि लड़कियां सामान्य व्यवहार में बेझिझक न केवल स्कूल में अध्ययन कर सकें, बल्कि लोक व्यवहार में स्मार्ट दिखाई दें. इन स्कूलों में तैनात सभी महिलाएं होंगी. किशोरी मंच में लड़कियां अपने साथ घटित किसी भी घटना के बारे में विचार साझा कर सकेगी. जिसके आधार पर स्कूल प्रबंधन उचित कदम उठायेगा. इस कार्यक्रम के तहत चुने गये स्कूलों में महिला अधिकार और विभिन्न मुद्दों पर बनी 26 विशेष फिल्में भी दिखाई जायेंगी.
बालिका सशक्तीकरण की दिशा में शिक्षा विभाग इन स्कूलों में बिहार सहित भारत की महान महिलाओं की जयंती व पुण्यतिथि एवं मनायेगा ताकि बच्चियां उनके जीवन व व्यक्तित्व से प्रेरणा ले सकें. इसके लिए महान महिलाओं की जयंती और पुण्यतिथियों का बाकायदा कैलेंडर तैयार किया गया है.
बालिका सशक्तीकरण और स्कूल आने में उनकी हिचक तोड़ने के लिए कार्यक्रम जनवरी में शुरू किये जा रहे हैं. इसके लिए जरूरी दिशा निर्देश संबंधित स्कूलों को भेज दिये गये हैं. इन स्कूलों के लिए बजट भी भेज दिया गया है.
सचिंद्र कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी,
बिहार राज्य शिक्षा परियोजना
15 जनवरी से इन जिलों में शुरू होगा पहला चरण
पहले चरण में इन जिलों में 15 जनवरी से प्रभावी होगा बालिका सशक्तीकरण कार्यक्रम बालिका सशक्तीकरण कार्यक्रम पहले चरण में दरभंगा, भागलपुर, बांका, गोपालगंज, कटिहार, किशनगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सीवान और सुपौल जिलों में प्रभावी किया जायेगा.
1068 स्कूलों के लिए विशेष अभियान बालिका सशक्तीकरण की दिशा में शिक्षा विभाग केंद्र की मदद से प्रदेश के हर जिले में से दो ब्लॉकों के दो स्कूलों में एडोल्सन प्राेग्राम लेकर आया है. इसके लिए विशेष महिला प्रशिक्षक भी तैयार कर लिये गये हैं. प्रदेश के 1068 स्कूलों को 4500-4500 रुपये दिये गये हैं, ताकि इससे संबंधित कार्यक्रम कराये जा सकें.
