पटना : बिहार के मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन के लिए काउंसलिंग के लिए नयी तारीख घोषित कर दी गयी है. अब सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 30 और 31 जुलाई को काउंसेलिंग होगी. वहीं प्राइवेट में एक अगस्त को इसकी तिथि निर्धारित की गयी है. सरकारी और प्राइवेट डेंटल कॉलेज में 2 अगस्त को काउंसेलिंग की जायेगी. इसके पहले काउंसेलिंग की तय तिथि बीसीइसीइ द्वारा रद्द कर दी गयी थी. इसके बाद बोर्ड ने राज्य कोटा सीट काउंसलिंग के लिए नीट पास करने वाले उम्मीदवारों के लिए नयी तारीख जारी की.
बीसीइसीइ ने पहले यूजीएमएसी यानी अंडर ग्रेजुएट मेडिकल एडमिशन काउंसेलिंग के लिए पंजीकरण प्रक्रिया का आयोजन किया था और आवंटन सूची भी जारी की थी, लेकिन आवंटन के साथ-साथ आवंटन के आधार पर एडमिशन बोर्ड द्वारा बाद में रद्द कर दिया गया था. अब बोर्ड ने विकल्प और आवंटन प्रक्रिया के लिए नये सिरे से तारीखें जारी की हैं. अब बोर्ड किसी भी नये रजिस्ट्रेशन की अनुमति नहीं देगा और केवल उन्हीं लोगों की काउंसेलिंग करेगा जिन्होंने इसके लिए पहले पंजीकरण कर लिया है. उम्मीदवारों को प्रवेश विकल्प मिलेगा और काउंसेलिंग प्रक्रिया में भाग लेना होगा.
नीट काउंसेलिंग 2019 के लिए संशोधित तिथियां
विकल्प चुनने की तारीख : 23 जुलाई को सुबह 10:00 बजे से
एडिटिंग एंड चॉइस लॉकिंग की अंतिम तिथि : 25 जुलाई
अंतिम सीट आवंटन परिणाम की तारीख: 27 जुलाई को शाम 4:00 बजे तक
दस्तावेज सत्यापन और आवंटन आदेश के डाउनलोड के लिए स्लॉट की बुकिंग: 27 जुलाई से 29 जुलाई
सरकारी मेडिकल कॉलेज की काउंसेलिंग: 30 और 31 जुलाई
प्राइवेट मेडिकल कॉलेज की काउंसेलिंग: एक अगस्त
सरकारी व प्राइवेट डेंटल कॉलेज की काउंसेलिंग: दो अगस्त
