गर्मी का कहर : लू से तीसरे दिन 62 की मौत चार जिलों में धारा 144 लागू, डॉक्टरों व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

अब तक 246 की मौत, पटना में देर रात बारिश से राहत पटना/गया/समस्तीपुर/भागलपुर : मगध प्रमंडल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में प्रचंड गर्मी का कहर लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा. लू और हीट स्ट्रोक से सोमवार को 62 लोगों की मौत हो गयी. गया में 15, औरंगाबाद में नौ, रोहतास में छह, समस्तीपुर […]

अब तक 246 की मौत, पटना में देर रात बारिश से राहत
पटना/गया/समस्तीपुर/भागलपुर : मगध प्रमंडल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में प्रचंड गर्मी का कहर लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा. लू और हीट स्ट्रोक से सोमवार को 62 लोगों की मौत हो गयी.
गया में 15, औरंगाबाद में नौ, रोहतास में छह, समस्तीपुर व मुंगेर में पांच-पांच, नालंदा में चार, नवादा, भोजपुर, बेगूसराय, भागलपुर, लखीसराय व वैशाली में दो-दो और जमुई, सारण, मधेपुरा, पटना, पूर्णिया व खगड़िया में एक-एक मरीजों की जान चली गयी. इस तरह राज्य में तीन दिनों में लू व हीट स्ट्रोक से 246 लोगों की मौत गयी है.
वहीं, मुख्य सचिव दीपक कुमार ने सोमवार की शाम तक गया, औरंगाबाद, रोहतास व नवादा में 100 लोगों के मरने की पुष्टि की है. इस बीच गया, औरंगाबाद, मधुबनी व दरभंगा में धारा 144 लागू कर दी गयी है. सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक दुकानें बंद रखने और मनरेगा समेत सरकारी व निजी निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी गयी है.
इधर पटना में सोमवार की रात 11:20 बजे के बाद हल्की बारिश होने से कुछ राहत मिली. स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय सोमवार को गया के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल और औरंगाबाद सदर अस्पताल का दौरा कर मरीजों का हाल-चाल जाना और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये. उन्होंने कहा कि सरकार ने राज्य हर स्वास्थ्य केंद्रों में हीट वेव से पीड़ित मरीजों के लिए 50% बेड सुरक्षित रखने का भी आदेश दिया है. साथ ही अन्य सुविधाएं भी दी जा रही हैं. मगध मेडिकल अस्पताल में अब भी लू से पीड़ित 126 मरीज भर्ती हैं.
कहां कितनी मौतें
गया 15
औरंगाबाद 09
रोहतास 06
समस्तीपुर 05
मुंगेर 05
नालंदा 04
नवादा 02
भोजपुर 02
वैशाली 02
बेगूसराय 02
लखीसराय 02
भागलपुर 02
पटना 01
सारण 01
मधेपुरा 01
जमुई 01
खगड़िया 01
पूर्णिया 01
तीन दिनों के अंदर अकेले औरंगाबाद में मृतकों की संख्या 70 पार
औरंगाबाद सदर अस्पताल मरीजों से भरा
वर्तमान में औरंगाबाद सदर अस्पताल मरीजों से भरा पड़ा है. सदर अस्पताल के प्रबंधक हेमंत राजन ने बताया कि अब तक हीट स्ट्रोक से पीड़ित 26 मरीजों को सदर अस्पताल से रेफर किया गया है, जबकि लगभग 40 लोगों का इलाज सदर अस्पताल में ही किया जा रहा है. तीन दिनों में औरंगाबाद में 70 से अधिक लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है, जबकि प्रशासनिक आंकड़े के अनुसार मृतकों की संख्या 38 है.
डॉक्टरों व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द
औरंगाबाद के डीएम राहुल रंजन महिवाल ने बताया कि हीट स्ट्रोक से पीड़ित मरीजों का बेहतर तरीके से इलाज किया जा रहा है. डॉक्टरों व कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गयी हैं. अस्पताल से लेकर चौक-चौराहों और बस स्टैंड तक पदाधिकारी व कर्मी निगाह रख रहे हैं. जगह-जगह पानी व ओआरएस घोल की व्यवस्था की गयी है. स्काउट्स एंड गाइड्स को भी लगाया गया है. किसी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए भी एक टीम कर्मचारियों पर निगाह रख रही है.
आइसीयू चालू करने के लिए भेजा त्राहिमाम संदेश
औरंगाबाद सदर अस्पताल में लगभग ढाई साल के जद्दोजहद के बाद भी आइसीयू वार्ड को चालू नहीं किया जा सका है. लू के पीड़ित मरीजों के इलाज को लेकर जब किरकिरी होने लगी, तो एक बार फिर सिविल सर्जन डॉ सुरेंद्र प्रसाद और डीपीएम कुमार मनोज ने स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव को आइसीयू चालू कराने के लिए पत्र भेजा है. डीपीएम कुमार मनोज के अनुसार, पत्र में चार एमडी चिकित्सक, दो सर्जन, चार मूर्छक, चार इसीजी टेक्नीशियन,12 स्टाफ नर्स और चार कंपाउंडर की पदस्थापना आइसीयू वार्ड में कराने के प्रति ध्यान आकृष्ट कराया है.
बिना रेकॉर्ड वाले मृतकों के आश्रितों को भी मिलेगा मुआवजा
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि हीट वेव से मरनेवाले कई ऐसे लोग हैं, जिनका रेकाॅर्ड अस्पताल के पास नहीं है, पर उनके साथ अनहोनी हुई है. वैसे लोगों की जानकारी जुटाने और मुआवजा दिये जाने के लिए विशेष टीम गठित की गयी है, जो जांचकर रिपोर्ट तैयार करेगी और उन्हें मुआवजा दिया जायेगा. उन्होंने बताया कि गया में 12 मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख का मुआवजा दिया जा चुका है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >