बुजुर्ग महिला 10 मिनट तक चेन स्नेचर से जूझती रही लेकिन फिर...

पटना : पत्रकार नगर थाने के सीआइटी कॉलोनी में बुजुर्ग महिला प्रमिला देवी चेन छीनने वाले स्नेचर से दस मिनट तक जूझती रही और जब अपराधी ने पिस्तौल के बट से सिर पर प्रहार कर घायल कर दिया तब वह लाचार हो गयी. और, फिर अपराधी उनके गले से सोने की चेन छीन कर फरार […]

पटना : पत्रकार नगर थाने के सीआइटी कॉलोनी में बुजुर्ग महिला प्रमिला देवी चेन छीनने वाले स्नेचर से दस मिनट तक जूझती रही और जब अपराधी ने पिस्तौल के बट से सिर पर प्रहार कर घायल कर दिया तब वह लाचार हो गयी. और, फिर अपराधी उनके गले से सोने की चेन छीन कर फरार हाे गया. इस सारी घटना की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे के वीडियो फुटेज में कैद हो गयी.

जिसमें यह स्पष्ट दिख रहा है कि अपराधी ने एक बार में सोने की चेन छीनी तो आधा ही चेन उसके हाथ में आयी. इसके बाद आधी चेन लेने के लिए फिर से अपराधी लौट कर महिला के पास आता है. चेन छीनने का प्रयास करता है. लेकिन महिला विरोध करते हुए लगातार जूझती है.
इस दौरान वह महिला को सड़क पर पटक कर लगातार मारपीट करता रहता है और अंत में पिस्तौल के बट से सिर पर प्रहार कर देता है. इसमें महिला घायल हो जाती हैं और फिर अपराधी आधी चेन लेकर वहां से निकल जाता है. खास बात यह है कि बीच सड़क पर यह घटना घटित हुई और किसी ने बचाने की काेशिश नहीं की. वीडियो में एक युवक ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन अपराधी ने उस पर भी पिस्तौल तान दी. इसके कारण वह भी एक कार के पीछे छूप गया.
अपराधी जब महिला से चेन छीन कर वहां से निकल गये तो महिला किसी तरह से बदहवास हालत में वहां से अपने घर पहुंची. महिला घर के बगल में एक किराना दुकान से चुड़ा लाने के लिए गयी थी और लौटने के क्रम में यह घटना घटित हुई. महिला के पति नागेंद्र लाल एक संस्था से रिटायर हो चुके हैं. मामले के उद्भेदन को लेकर पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया है.
राजेंद्र नगर से लेकर मलाही पकड़ी, 90 फीट तक है डेंजर जोन
पत्रकार नगर व कंकड़बाग थाने के राजेंद्र नगर गोलंबर से होते हुए मलाही पकड़ी, 90 फीट बाइपास तक डेंजर जोन हैं. इस इलाके में हमेशा ही मोबाइल व चेन स्नेचिंग की घटनाएं होती रहती है. लेकिन इन मामलों में एक भी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है.
यहां तक की उस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस के पास कई युवकाें की तस्वीर है, जो घटनाओं को अंजाम देते हैं. लेकिन उन्हें पकड़ने में पुलिस विफल रही है. पटना के हर थाना इलाके में चेन व मोबाइल स्नैचर सक्रिय हैं. इधर एसएसपी गरिमा मलिक ने पत्रकार नगर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह से दो दिनों में स्पष्टीकरण मांगा है.
सीसीटीवी कैमरे में आयी तस्वीर के आधार पर छापे :
सीसीटीवी कैमरे में आयी अपराधी की तस्वीर के आधार पर पुलिस अपराधी को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है. हालांकि किसी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है. महिला के बेटे रिशु श्रीवास्तव की माने तो पत्रकार नगर इलाके में हमेशा ही चेन व मोबाइल स्नेचिंग की घटनाएं घटित होती रहती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >