बख्तियारपुर : सालिमपुर थाना क्षेत्र के विधिपुर गांव में आग लगने से दो मकान के जल गये. घटना शनिवार के सुबह की है. जानकारी के अनुसार शाॅर्ट-सर्किट से निकली चिनगारी ने विधिपुर गांव के महेंद्र राय के मकान को अपनी चपेट में ले लिया. देखते- देखते आग ने पड़ोस के सुरेंद्र राय के मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया. अगलगी में मकान के साथ सारा सामान जल गया.
ग्रामीणों ने हौसला दिखलाते हुए शीघ्र ही आग को काबू में कर लिया.अन्यथा आग पूरे गांव में फैल सकती थी. इस घटना में दोनों मकानों में रखे करीब डेढ़ लाख के सामान के जल जाने का अनुमान है.पीड़ितों ने घटना की लिखित शिकायत सालिमपुर थाने में दर्ज करायी है.
हजारों की संपत्ति जली
मनेर. गनोरिया गांव में अचानक आग लगने से एक घर जलकर राख हो गया. वहीं, ग्रामीणों से प्रयास से आग पर काबू पाया गया. बताया जाता है कि गनोरिया गांव निवासी गोरख राम के घर में अचानक आग लग गयी. अगलगी में हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया.
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
मसौढ़ी . बीबीपुर गांव के भिखारी प्रसाद की खलिहान में शनिवार को दोपहर बिजली के शाॅर्ट सर्किट से आग लग गयी. इसमें खलिहान में रखा छह क्विंटल मसूर, चार क्विंटल चना व करीब 40 हजार नेवारी के पुंज जलकर राख हो गये.
सूचना पाकर बीबीपुर गांव पहुंचा दमकल रास्ता संर्कीण होने के कारण खलिहान तक नहीं जा सका. बाद में ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया.
