दानापुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को विद्यार्थियों में परीक्षा का जोश भरने का प्रयास किया. छात्रों से कहा कि वह मार्क्स के स्थान पर एजुकेशन व जीवन में संतुलन बनाए रखने पर ध्यान दें. वहीं अभिभावकों को भी सलाह दी और कहा कि बच्चों पर अपने सपने न थोपें, दबाव में बच्चे बिखर जाते हैं. अगर बच्चा असफल भी होता है तो मां-बाप उनका हौसला बढ़ाएं.
पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मन की बात में परीक्षा पर चर्चा की. पीएम के मन की बात सुनने के लिए विधायक आशा सिन्हा ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ शाहपुर स्थित ज्ञानदीप विद्यालय पहुंची. स्कूली बच्चों व अभिभावकों के साथ सभी ने पीएम की बात सुनी. मौके पर साथ में पार्षद सुचित्रा देवी, पूर्व सैनिक महेंद्र चौधरी, डीडी सिंह, प्राचार्य राकेश कुमार, सुनीता कुमारी आदि मौजूद थीं. वही केंद्रीय विद्यालय के सभागार में प्राचार्य एमएस अहमद की देखरेख में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मन की बात सुनी.
पटना सिटी. गुजरी बाजार स्थित ओरियंटल कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम की बात स्मार्ट क्लास में कॉलेज के विद्यार्थियों ने सुनी.
जिसमें प्राचार्य डॉ एस एकबाल अफजल, की देखरेख में बच्चों ने प्रधानमंत्री की बातों को सुना. इस मौके पर डॉ तनवीर हसन निजामी, डॉ मुमताज अहमद, डॉ एकबाल अहमद समेत अन्य थे. दूसरी ओर ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कृष्णा निकेतन विद्यालय में छात्रओं, शिक्षिकाओं व अभिभावकों ने मनोयोग से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा.
