पटना :डाकघर एक ऐसा नाम है. जिसकी चर्चा होने पर जेहन में चिट्ठी पत्री, मनीऑर्डर, पैसा जमा करना और निकालना कुछ ऐसी ही चीजें दिमाग में आती हैं. लेकिन, अब पोस्ट ऑफिस ने भी अपनी कार्यशैली में बदलाव किया है.
इसी क्रम में इंटरनेट बैंकिंग की सुविधा भी शुरू की गयी है. इंडियन पोस्ट की ओर से इस सुविधा की शुरुआत पोस्ट ऑफिस सेविंग बैंक से ग्राहकों के लिए शुरू की गयी है. अब पोस्ट ऑफिस में सेविंग अकांंउट रखने वाला कोई भी व्यक्ति इंटरनेट बैंकिंग सेवा का लाभ उठा सकता है.
नेट बैंकिंग के लिए नियम और शर्तें : इंटरनेट बैंकिंग सुविधा को लेने के लिए केवाइसी दस्तावेज, एक्टिव डीओपी, एटीएम, वैलिड यूनिक मोबाइल नंबर, इ-मेल और पैन कार्ड जैसे डॉक्यूमेंट होने की बात भी रखी गयी है.
कैसे कर सकेंगे उपयोग : अगर आप भी डाक विभाग की नेट बैंकिंग की सुविधा उपयोग में लेना चाह रहे हैं, तो पूर्व में बतायी गयी जानकारियों को पूरी करने के बाद आप इंडियन पोस्ट की ओर से दिये गये इस लिंक ebanking.indiapost.gov.in से नेट बैंकिंग का लाभ ले सकते हैं.
इस नयी सुविधा से ग्राहक अपने बचत खाते की धनराशि को ओएफबी में इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से ट्रांसफर कर सकते हैं.
ग्राहक अपने बैंक के सेविंग अकाउंट से आवर्ती जमा यानी आरडी और डाकघर के पीपीएफ अकाउंट में आसानी से पैसे भेज पायेंगे
ग्राहक सेविंग बैंक होल्डर इंडियन पोस्ट की इंटरनेट सर्विस के माध्यम से आरडी और एफडी जैसी अन्य लेन-देन को खोल तथा बंद भी कर सकेंगे
संबंधित व्यक्ति के पास पोस्ट ऑफिस का सिंगल वैलिड या ज्वांइट सेविंग अकाउंट होना चाहिए. केवाइसी होना अनिवार्य है. इस सेवा के लिए डाकघर के होम ब्रांच में जाकर आवेदन देना होगा और अगले दिन सुविधा मिल जायेगी.
—राजदेव प्रसाद, सहायक निदेशक, डाक विभाग
