पटना : आईजीआईएमएस के नर्सिंग कॉलेज सह हॉस्टल के कमरे में बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष की छात्रा खुशबू कुमारी ने फांसी के फंदे पर झूल कर खुदकुशी करने का प्रयास किया.
कॉलेज प्रशासन व नर्सिंग की छात्राओं ने उसे तत्काल फांसी के फंदे से नीचे उतारा और तुरंत ही अस्पताल में भर्ती करा दिया. जहां उसकी खराब हालत के कारण वेंटिलेटर पर रखा गया है. बताया जाता है कि कॉलेज की इंटरनल परीक्षा में चार सब्जेक्ट में फेल हो गयी थी. छात्राओं का आरोप था कि उसका मोबाइल फोन प्राचार्या अनुजा डेनियल ने रख लिया था. जिसके कारण वह काफी परेशान थी और इस बात का जिक्र वह कर रही थी. शास्त्रीनगर थानाध्यक्ष निहार भूषण ने बताया कि छात्राओं ने यह जानकारी दी है
आईजीआईएमएस की छात्रा खुशबू कुमारी का ससुराल जहानाबाद में है. वह अपने कमरे से बाहर गयी थी और कुछ देर बाद लौटी. उसकी रूम मेट रश्मि कुमारी के कुछ परिजन आये थे और वह उनके लिए इंतजाम कर रही थी. रश्मि कुमारी ने खुशबू को रोक कर अपने परिजनों से मुलाकात कराने का प्रयास किया.
लेकिन वह नहीं रुकी और सीधे अपने कमरे में चली गयी. इसके बाद उसने अंदर से कमरा के दरवाजे को बंद कर दिया और पंखे से दुपट्टे से फांसी का फंदा बनाया और उसमें झूल गयी. इसी बीच रश्मि भी अपने कमरे से कुछ सामान लेने पहुंची तो उसने पाया कि कमरा अंदर से बंद है. काफी आवाज देने के बाद भी कुछ रिस्पांस नहीं मिला तो उसने खिड़की के छेद से अंदर देखा तो पाया कि खुशबू कुमारी फांसी के फंदे पर लटक रही है.
इसके बाद उसने हल्ला मचाया तो आकांक्षा नाम की छात्रा आ गयी. आकांक्षा ने पूरे हॉस्टल में हल्ला कर दिया. सभी छात्र व कॉलेज कर्मी वहां पहुंच गये और फिर कमरे का दरवाजा तोड़ा गया और खुशबू को फांसी के फंदे से उतार कर तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया.
