15 दिनों तक चलने वाले मेले का उद्घाटन पर्यटन मंत्री करेंगे
मसौढ़ी : पुनपुन अंतरराष्ट्रीय पितृपक्ष मेले का शुभारंभ रविवार को होगा. 15 दिनों तक चलने वाले इस मेले का उद्घाटन पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार करेंगे. उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव व स्थानीय विधायक श्याम रजक के अलावा अनुमंडल व जिला के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. गौरतलब है कि पितृपक्ष मेले में देश ही नहीं, विदेशों से भी श्रद्धालु अपने पितरों की मोक्ष की प्राप्ति के लिए पहला पिंडदान करने पुनपुन प्रखंड मुख्यालय स्थित पुनपुन नदी घाट पहुंचते हैं .
ऐसी मान्यता है कि पहला पिंडदान पुनपुन में करने के बाद श्रद्धालु गया के लिए प्रस्थान कर जाते हैं और वहां फल्गु के तट पर तर्पण कर विभिन्न वेदियों पर पिंडदान करते हैं . इधर, मेले के उद्घाटन को लेकर जिला प्रशासन व पर्यटन विभाग ने अपनी ओर से सारी तैयारी पूरी कर ली है .नदी घाट पर बड़ा-सा पंडाल बनाया गया है .साथ ही नदी के तट पर स्थित सीढ़ियों की साफ-सफाई की जा रही थी . वहीं, पुनपुन घाट हाल्ट व एनएच -83 से घाट पर आने वाले मार्ग पर अभी भी गंदगी को पूरी तरह से नहीं हटाया जा सका है .
मेले को लेकर तीन एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव
इधर, रेल प्रशासन ने पितृपक्ष को लेकर पुनपुन घाट हाल्ट पर तीन एक्सप्रेस ट्रेनों पलामू एक्सप्रेस, हटिया-पूर्णिया सुपर फास्ट एवं पटना-डेहरी इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव मेले की अवधि तक के लिए किया है .
