अपहृत महिला वार्ड पार्षदों को पुलिस संरक्षण से छीनने का प्रयास, पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की, हंगामा

गाड़ी से ले जाने के दौरान लोग पुलिस की गाड़ी के सामने लेट गये पटना : पटना उच्च न्यायालय में पेशी के बाद दो अपहृत महिला वार्ड पार्षदों को अपने साथ ले जा रही पूर्णिया पुलिस की टीम के साथ काफी संख्या में रहे लोगों ने धक्का-मुक्की की और दोनों अपहृता को पुलिस के संरक्षण […]

गाड़ी से ले जाने के दौरान लोग पुलिस की गाड़ी के सामने लेट गये

पटना : पटना उच्च न्यायालय में पेशी के बाद दो अपहृत महिला वार्ड पार्षदों को अपने साथ ले जा रही पूर्णिया पुलिस की टीम के साथ काफी संख्या में रहे लोगों ने धक्का-मुक्की की और दोनों अपहृता को पुलिस के संरक्षण से छीनने का प्रयास किया. लोगों के हंगामा के बीच में पुलिस टीम तीनों को लेकर अपने साथ बाहर निकली और गाड़ी पर बैठा कर ले जाने लगी तो लोग पुलिस गाड़ी के सामने आ कर लेट गये. इसके बाद पूर्णिया पुलिस टीम ने कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी.

कोतवाली पुलिस वहां पहुंची और किसी तरह से दोनों अपहृता को अपने साथ लेकर वहां से निकली. इस संबंध में पूर्णिया सदर के इंस्पेक्टर भाई भरत ने चार लोगों राजेश यादव, हरिश चौधरी, पवन राय व पोलो पासवान को नामजद आरोपित बनाया है. इसके अलावा 25 अज्ञात पर केस किया गया है. चारों आरोपित केहाट मधुबनी के रहने वाले हैं. कोतवाली थाने में इन लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 341/323/354/34 के तहत मामला दर्ज किया गया है. इस केस के अनुसंधानकर्ता सब इंस्पेक्टर रामाधार राय को बनाया गया है. सिटी एसपी मध्य डी अमरकेश ने चार नामजद व 25 अज्ञात के खिलाफ कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज किये जाने की पुष्टि की.

न्यायालय के आदेश पर पूर्णिया एसपी डीएसपी पहुंचे थे उच्च न्यायालय
पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के आदेश पर सीआरडब्ल्यूजेसी 1795/2018 व 1796/2018 केस में पूर्णिया एसपी, पूर्णिया डीएसपी व सदर थानाध्यक्ष दोनों अपहृता को लेकर न्यायालय में पहुंचे थे. जहां न्यायालय ने दोनों को निचली अदालत में पेश करने का आदेश दिया. इसके बाद पुलिस टीम दोनों अपहृता को साथ में लेकर जाने लगी. भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और महिलाओं को पुलिस सरंक्षण से छीनने का प्रयास करने लगे. पुलिस टीम में शामिल अधिकारियों व पुलिसकर्मियों ने रोकने का प्रयास किया तो उनके साथ धक्का-मुक्की की गयी.
हाईकोर्ट में हंगामे पर पुलिस मुख्यालय से नहीं मिली प्रतिक्रिया
पटना. पूर्णिया के पार्षदों द्वारा पटना हाइकोर्ट परिसर में शुक्रवार को किये गये हंगामा व पूर्णिया के एसपी के साथ धक्का मुक्की को लेकर पुलिस मुख्यालय की प्रतिक्रिया जानने का प्रयास किया गया. इसके लिये डीजीपी केएस द्विवेदी को रात 08 :48 और 09:03 बजे फोन किया गया. पुलिस के प्रवक्ता एवं एडीजी मुख्यालय एसके सिंघल को भी शाम 06 :18 बजे एवं 08 :49 बजे फोन किया गया. दोनों अधिकारियों के सीयूजी फोन नहीं उठे तो उनको एसएमएस और वाट्सएप भी किया गया लेकिन देर रात समाचार लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >