बर्ड फ्लू अलर्ट के बाद,आज से आम दर्शकों के लिए खुला पटना जू

Patna Zoo: बर्ड फ्लू की दहशत के कारण बंद पड़ा राजधानी का सबसे पसंदीदा पिकनिक स्पॉट ‘पटना जू’ आज यानी रविवार से फिर से पर्यटकों का स्वागत करने के लिए तैयार है. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर खुला चिड़ियाघर अब नए रंग-रूप और कड़ी सुरक्षा के बीच दर्शकों की भीड़ से गुलजार होगा.

Patna Zoo: पटना का संजय गांधी जैविक उद्यान रविवार से एक बार फिर पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है. बर्ड फ्लू की आशंका के चलते एहतियातन इसे अस्थायी रूप से बंद किया गया था, लेकिन पिछले एक सप्ताह के सर्विलांस में कहीं भी एवियन इन्फ्लूएंजा का नया मामला सामने नहीं आने के बाद प्रशासन ने इसे खोलने का फैसला लिया है.

10 दिनों के बाद फिर लौटी रौनक

27 फरवरी को जू के पास स्थित पोल्ट्री अनुसंधान केंद्र में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) की पुष्टि होने के बाद, सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत इसे बंद कर दिया गया था. अब जांच और सर्विलांस के बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई है.

जू निदेशक हेमंत पाटिल के अनुसार, रविवार सुबह 6 बजे से ही गेट आम दर्शकों के लिए खोल दिए गए हैं. उद्यान शाम 5 बजे तक खुला रहेगा. हालांकि, चिड़ियाघर खुलने का मतलब यह नहीं है कि सतर्कता कम कर दी गई है. पर्यटक 10 फीट की दूरी से ही जानवरों या पक्षियों को देख सकते हैं.

पटना जू के जांच सैंपल में एवियन इन्फ्लूएंजा निगेटिव आई

पटना जू के जांच सैंपल भोपाल स्थित राष्ट्रीय पशु चिकित्सा महामारी विज्ञान और रोग सूचना विज्ञान संस्थान की लैब में भेजा गया था. रिपोर्ट में एवियन इन्फ्लूएंजा निगेटिव आई है. सेंट्रल जू अथॉरिटी के गाइडलाइंस के अनुसार बर्ड फ्लू के सैंपल पाए जाने के कारण 1 किलोमीटर वाले एरिया में सभी चीजों को बंद करने का निर्देश दिया गया था.

जिला पशुपालन पदाधिकारी की रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया है कि पिछले एक सप्ताह के दौरान उद्यान की एक किलोमीटर की परिधि में बर्ड फ्लू का कोई नया संक्रमित मामला सामने नहीं आया है. इसी क्लीन चिट के आधार पर प्रशासन ने गेट खोलने का हरी झंडी दी है.

बर्ड फ्लू की आशंका भले ही टल गई हो, लेकिन ऐहतियात के तौर पर जगह-जगह सैनिटाइजेशन और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है. बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह घूमने का सुरक्षित और बेहतरीन समय है.

Also Read: पटना में अंचल और DCLR ऑफिस का निरीक्षण करेंगे 26 अफसर, ये भी दिया गया आदेश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >