Patna Airport : केंद्र सरकार की नई पहल ‘उड़ान यात्री कैफे’ के जरिए अब आपको एयरपोर्ट के अंदर महज 10 से 20 रुपये में चाय, कॉफी और नाश्ता मिलेगा.
इतना ही नहीं, यात्रियों के मनोरंजन और काम के लिए अब एयरपोर्ट परिसर में 4 घंटे तक हाई-स्पीड अनलिमिटेड वाई-फाई की सुविधा भी शुरू कर दी गई है.
‘उड़ान यात्री कैफे’ में मिलेगा सस्ता नाश्ता
हवाई सफर के दौरान एयरपोर्ट पर रुकना अब आपकी जेब खाली नहीं करेगा. नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने वर्चुअल माध्यम से पटना एयरपोर्ट पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ का उद्घाटन किया है. इस कैफे की सबसे बड़ी खासियत इसकी कीमतें हैं.
यहां समोसा, मिठाई, चाय और कॉफी जैसी चीजें आम बाजार की दरों पर उपलब्ध कराई गई हैं. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सहयोग से शुरू किए गए इस कैफे का उद्देश्य मध्यम वर्गीय और बजट यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन किफायती दाम पर उपलब्ध कराना है, ताकि हर वर्ग का यात्री सुखद अनुभव के साथ अपनी उड़ान भर सके.
4 घंटे तक चलाएं नॉन-स्टॉप फ्री इंटरनेट
खाने-पीने की सुविधा के साथ-साथ पटना एयरपोर्ट अब डिजिटल रूप से भी और स्मार्ट हो गया है. यात्रियों के लिए आधुनिक वाई-फाई सेवा का शुभारंभ किया गया है. इसका लाभ उठाने के लिए यात्रियों को बस एक साधारण सॉफ्टवेयर डाउनलोड करना होगा.
एक बार लॉगिन करने के बाद, यात्री लगातार 4 घंटे तक असीमित और उच्च गति वाले इंटरनेट का आनंद ले सकते हैं. चाहे आपको अपनी ऑफिस की फाइलें डाउनलोड करनी हों या सफर से पहले अपनी पसंदीदा मूवी स्ट्रीम करनी हो, अब डेटा खत्म होने की चिंता पूरी तरह खत्म हो गई है.
महानगरों जैसी सुविधाएं अब पटना में
केंद्रीय मंत्री ने उद्घाटन के दौरान जोर देकर कहा कि देश में हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 165 हो गई है. ‘उड़ान’ योजना के तहत हवाई सेवाओं का विस्तार अब सिर्फ बड़े महानगरों तक सीमित नहीं है, बल्कि पटना जैसे शहरों में भी विश्वस्तरीय सुविधाएं दी जा रही हैं.
पटना एयरपोर्ट के निदेशक उमाशंकर सिंह ने बताया कि इन सुविधाओं के शुरू होने से यात्रियों के प्रतीक्षा समय का अनुभव काफी बेहतर होगा और यह कदम पर्यटन को भी बढ़ावा देगा.
Also Read: सोमवार को विधान परिषद से इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार, बिहार में सियासी हलचल तेज
