Pappu Yadav: बिहार के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. पटना के निचले और दियारा इलाकों में स्थिति गंभीर बनी हुई है. कई घरों में पानी घुस जाने की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है. इस बीच पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने लोगों से बातचीत कर पूरी स्थिति का जायजा लिया और परेशानियों को भी जाना.
वीडियो में क्या कुछ देखा गया?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पप्पू यादव ने कई सारे वीडियो शेयर किए, जिसमें देखा गया कि वे बाढ़ पीड़ितों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करने में जुटे हैं. इतना ही नहीं, वह नोटों की गड्डियां लेकर पहुंचे थे और पीड़ितों के बीच 500-500 रुपये की मदद भी की. पप्पू यादव दीघा घाट के आसपास के इलाकों में पहुंचे थे.
फेसबुक पर पप्पू यादव ने क्या लिखा?
एक वीडियो को शेयर कर पप्पू यादव ने फेसबुक पर लिखा, 'रात के इस पहर हमने पटना में बाढ़ पीड़ित महिलाओं को आर्थिक मदद दी. इनकी स्थिति नारकीय बनी हुई है. ये सड़क किनारे रहने को आज मजबूर हैं. सरकार को इनके लिए व्यवस्था करनी चाहिए. खैर सरकार करे ना करे, जनता का बेटा अपना कर्तव्य निभायेगा'.
पटना के कई इलाकों में घुसा पानी
पटना के कई इलाकों में गंगा का पानी घुस गया है. कई लोगों के घरों में पानी घुसने की वजह से लोग खुद का घर छोड़ने तक के लिए मजबूर हैं. जिले में गंगा और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ने से खतरा गहरा गया है. दीघा घाट, गांधी घाट, मनेर, हथिदह सहित अन्य पर शुक्रवार को जलस्तर में बढ़ोत्तरी हुई है. इससे दीघा से दीदारगंज तक नदी किनारे के निचले इलाकों में पानी भर गया है.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पटना का बिंद टोली सबसे ज्यादा प्रभावित
सबसे अधिक प्रभावित बिंद टोली और दियारा इलाके में रहने वाले लोग हुए हैं. बिंद टोली में थर्मोकोल की नाव तैयार कर घरों से सामान बाहर ला रहे हैं. लोगों के घरों से लेकर दुकानों तक में पानी भर गया है. दीघा श्मशान घाट पर भी पानी भर गया है. प्रभावित लोग अपना जरूरी सामान और मवेशी लेकर जेपी गंगा पथ पर शरण ले रहे हैं.
दियारा इलाके से भी बड़े पैमाने पर पलायन हो रहा है. खेतों में कई फुट पानी भर जाने से फसलें पूरी तरह डूबकर बर्बाद हो चुकी हैं. यहां से बड़ी आवादी और मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है, लेकिन जिला प्रशासन की और से राहत और बचाव कार्य भी किया जा रहा है.
Also Read: बिहार के इन 5 जिलों में अगले 3 घंटों में भारी बारिश का अलर्ट, 30-40 KMPH की रफ्तार से चलेगी हवा
