नवादा: पोती के अपहरण का विरोध करने पर दादी को वाहन से कुचलकर मारने वाला मुख्य आरोपी सौरभ चौधरी गिरफ्तार, हिसुआ के तुंगी बाजार में हुई थी वारदात

नवादा के हिसुआ में पोती को बचाने के दौरान दादी की वाहन से कुचलकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी सौरभ चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

Nawada News: जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत तुंगी बाजार में 13 अगस्त को युवती के अपहरण के प्रयास और विरोध करने पर उसकी दादी को वाहन से बेरहमी से कुचलकर मार डालने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. हिसुआ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य नामजद अभियुक्त सौरभ चौधरी (पिता- उमेश चौधरी, निवासी तुंगी चक) को सोमवार की शाम गिरफ्तार कर लिया है. मुख्य हत्यारोपी की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में त्वरित न्याय की उम्मीद जगी है.

इलाज कराकर लौट रही पोती से छेड़खानी व अपहरण का किया था प्रयास

दर्ज प्राथमिकी और पुलिस विवरण के अनुसार, हिसुआ थाना क्षेत्र के लटावर गांव निवासी नवल सिंह की पत्नी विद्या देवी अपनी पोती का इलाज कराने तुंगी बाजार आई हुई थीं. अस्पताल से घर लौटने के दौरान चारपहिया वाहन में सवार सौरभ चौधरी और उसके अन्य सहयोगियों ने नवल सिंह की पोती के साथ सरेराह छेड़खानी की और उसे जबरन गाड़ी में खींचकर अपहरण करने का प्रयास किया.

विरोध करने पर कार से रौंदकर फरार हो गए थे आरोपी

अपनी पोती को अपराधियों के चंगुल से बचाने के लिए जब बुजुर्ग विद्या देवी आगे आईं और विरोध किया, तो कार सवार सौरभ और उसके साथियों ने उन पर बेरहमी से गाड़ी चढ़ा दी. वाहन से कुचलने के कारण विद्या देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गए थे.

घटना के दिन ही गया जिले से बरामद हुई थी प्रयुक्त गाड़ी

हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के दिन ही वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी को पड़ोसी गया जिले के जमुआवां से लावारिस हालत में बरामद कर लिया था, हालांकि सभी आरोपी भूमिगत हो गए थे. मृतका के पति नवल सिंह के आवेदन पर तुंगी निवासी सौरभ चौधरी, विक्की चौधरी, दलील चौधरी और चंदन चौधरी के खिलाफ हत्या, छेड़खानी और अपहरण के प्रयास की धाराओं में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी. बताया जाता है कि सभी आरोपी अवैध शराब के धंधे से जुड़े रहे हैं.

एनएच-82 पर हुआ था भारी विरोध-प्रदर्शन

उल्लेखनीय है कि इस हृदयविदारक वारदात के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ बोधगया-राजगीर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-82) को घंटों जाम कर हत्यारों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन किया था. पुलिस ने गिरफ्तार मुख्य आरोपी सौरभ चौधरी से सघन पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तथा फरार अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है.

Also Read: नवादा: परिवार नियोजन को मिल रहा बढ़ावा, सदर अस्पताल निभा रहा अग्रणी भूमिका; 5 माह में 349 महिलाओं का बंध्याकरण

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विशाल कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >