नवादा : बैंक मैनेजर बनकर ऑनलाइन लोन का देते थे झांसा, दस्तावेज लेकर मांगते थे फीस; 5 साइबर ठग गिरफ्तार

पुलिस ने ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी बनकर लोगों को ठगते थे.

Nawada Cyber Crime News : ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से रुपये ऐंठने वाले साइबर ठगों के गिरोह का वारिसलीगंज पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मीरचक चमरटोली के पास छापेमारी कर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तार आरोपियों के पास से आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन और दो फर्जी सिम बरामद किये गये हैं. पुलिस पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.

एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने मीरचक चमरटोली में की छापेमारी

पुलिस अधीक्षक नवादा के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में टीम गठित की गयी थी.

इसी दौरान पुलिस को मीरचक चमरटोली के पास साइबर ठगी करने वाले कुछ युवकों के जुटने की सूचना मिली. सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने छापेमारी कर पांच संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया.

फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी व बैंक मैनेजर बनकर बनाते थे शिकार

पूछताछ में पुलिस के समक्ष आरोपियों ने बताया कि वे बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस समेत विभिन्न कंपनियों के नाम पर लोगों को ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देते थे.

Also Read : गया जी : मां-भाई के साथ ट्रेन में सफर कर रहा था जेएपी जवान, अचानक हुआ लापता; कुछ घंटे बाद ट्रैक किनारे मिला शव

कस्टमर डाटा और फेसबुक से मोबाइल नंबर जुटाकर लोगों को फोन किया जाता था. इस दौरान कभी बैंक मैनेजर तो कभी संबंधित कंपनी का कर्मचारी बनकर लोगों को भरोसे में लिया जाता था.

कागजात लेने के बाद प्रोसेसिंग फीस के नाम पर करते थे वसूली

लोन दिलाने के नाम पर ठग पहले आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो और ई-मेल आइडी समेत अन्य निजी दस्तावेज हासिल करते थे.

इसके बाद लोन की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस, फाइल चार्ज या अन्य शुल्क की मांग कर रुपये अपने खाते में मंगवाते थे. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने कई लोगों से इसी तरीके से ठगी करने की बात स्वीकार की है.

मीरचक चमरटोली निवासी हैं गिरफ्तार आरोपी, आईटी एक्ट में केस दर्ज

गिरफ्तार आरोपियों में योगेन्द्र दास (26), गौतम कुमार (20), टुनटुन रविदास (26), प्रकाश दास (32) और धर्मेन्द्र रविदास (30) शामिल हैं. सभी मीरचक चमरटोली, थाना वारिसलीगंज के निवासी हैं.

मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 641/26 दर्ज किया गया है. प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धारा 66, 66बी, 66सी व 66डी के तहत दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. छापेमारी दल में थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी, पुलिस अवर निरीक्षक रमेश कुमार, सुशिल कुमार, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार राय और पुलिस सहायक अवर निरीक्षक पप्पू कुमार शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By बब्लू कुूमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >