नवादा. जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में राशन कार्ड निर्माण व वितरण, लंबित आवेदनों के निष्पादन, लाभुकों के ई-केवाईसी, सीएमआर आपूर्ति और धान अधिप्राप्ति की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गयी.
73 हजार नये राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य
प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीत कुमार ने बताया कि जिले में 73 हजार नये राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित है. इसके विरुद्ध अब तक 71 हजार आवेदन पोर्टल पर अपलोड किये जा चुके हैं. डीएम ने शेष आवेदनों को तेजी से अपलोड करने और निर्धारित लक्ष्य को समय पर शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया.
उन्होंने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को पात्र लाभुकों का राशन कार्ड बनाने तथा लंबित आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.
दो हजार लाभुकों का ई-केवाईसी लंबित
बैठक में बताया गया कि जिले में करीब दो हजार लाभुकों का ई-केवाईसी अब भी लंबित है. डीएम ने संबंधित लाभुकों से नजदीकी जन वितरण प्रणाली दुकान पर पहुंचकर स्वयं और परिवार के सभी सदस्यों का ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से कराने की अपील की.
98.41 फीसदी सीएमआर की आपूर्ति
खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत 31 जुलाई 2026 तक 98.41 प्रतिशत सीएमआर की आपूर्ति हो चुकी है. शेष 1,208 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति लंबित है. विस्तारित अवधि में पैक्स गोदामों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है. निरीक्षण के बाद शेष सीएमआर की आपूर्ति के लिए अगली तिथि भारत सरकार द्वारा निर्धारित की जायेगी.
धान खरीद की तैयारियों की भी समीक्षा
खरीफ विपणन मौसम 2026-27 में धान अधिप्राप्ति के लिए किसानों से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 16 अगस्त से शुरू है. संबंधित मिलों के निबंधन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित है.
डीएम ने सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी कर धान अधिप्राप्ति की व्यवस्था पारदर्शी व सुचारू रखने का निर्देश दिया. बैठक में नवादा सदर व रजौली के एसडीओ, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद थे.
