Nawada News: नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र में पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रखंड सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कुमार शैलेंद्र की अध्यक्षता में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलरों की इस बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) प्राणनाथ मुन्ना भी मुख्य रूप से मौजूद रहे. बैठक के दौरान भारत सरकार के नए 'स्मार्ट पीडीएस पोर्टल' के माध्यम से नए राशन कार्ड बनाने के विशेष अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई.
दलित और महादलित परिवारों पर रहेगा विशेष ध्यान
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्राणनाथ मुन्ना ने बताया कि बिहार सरकार द्वारा आगामी 13 अगस्त 2026 तक गोविंदपुर प्रखंड में कुल 3000 नए राशन कार्ड बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इस लक्ष्य को समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए सभी पीडीएस डीलरों को अपने-अपने पोषक क्षेत्र में एक्टिव रहकर योग्य व पात्र लाभुकों की पहचान करने और उनका ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित कराने का कड़ा निर्देश दिया गया है. इस विशेष अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के दलित एवं महादलित परिवारों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित न रहे.
इस वजह से रद्द हुए पुराने राशन कार्ड
बैठक के दौरान अधिकारियों ने हाल के दिनों में बड़े पैमाने पर राशन कार्डों से नाम हटाए जाने और कार्ड रद्द होने के प्रमुख कारणों पर भी प्रकाश डाला. जांच में यह तथ्य सामने आया है कि:
- जिन परिवारों के किसी सदस्य ने 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना' के तहत पंजीकरण कराते समय अपनी कृषि भूमि का विवरण ढाई (2.5) एकड़ या उससे अधिक दर्शाया था, पात्रता मापदंडों के उल्लंघन के कारण उनके राशन कार्ड रद्द कर दिए गए हैं.
- इसके अतिरिक्त, जिन परिवारों का कोई भी सदस्य किसी सरकारी/निजी कंपनी या संस्थान में कार्यरत है, उसका वेतन सीधे बैंक खाते में आता है और उसकी मासिक आय 10 हजार रुपये से अधिक है, उनके राशन कार्ड भी नियमानुसार निरस्त किए गए हैं.
नए आवेदन के लिए ये दस्तावेज हैं जरूरी
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जो परिवार वर्तमान पात्रता मानकों व नियमों को पूरी तरह पूरा करते हैं, वे दोबारा नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए निम्नलिखित दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा:
- जाति प्रमाण पत्र (Cast Certificate)
- आय प्रमाण पत्र (Income Certificate)
- आवासीय प्रमाण पत्र (Residence Certificate)
- आधार कार्ड (Aadhaar Card)
- बैंक खाते का विवरण (Passbook)
- पूरे परिवार का संयुक्त रंगीन फोटो (Joint Family Photo)
अनुपस्थित डीलरों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ कुमार शैलेंद्र ने कहा कि यह सीधे तौर पर जनहित से जुड़ा एक बेहद महत्वपूर्ण अभियान है. इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी डीलरों को सक्रिय होकर योग्य लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाने और आवेदन प्रक्रिया में उनकी मदद करने का निर्देश दिया. बीडीओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि आज की इस महत्वपूर्ण बैठक से बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने वाले पीडीएस डीलरों को चिन्हित कर उनसे स्पष्टीकरण (शो-कॉज) मांगा जा रहा है. संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में कई डीलर रहे मौजूद
इस बैठक में मुख्य रूप से पीडीएस डीलर संघ के अध्यक्ष नवीन कुमार, विनोद राम, वसीम उद्दीन, गंगा प्रसाद, सुरेंद्र कुमार, चंद्रशेखर प्रसाद, मुमताज खान, मनोज कुमार, महेंद्र राम सहित बड़ी संख्या में प्रखंड क्षेत्र के जन वितरण प्रणाली विक्रेता उपस्थित रहे. अधिकारियों ने सभी डीलरों से टीम भावना के साथ काम करते हुए निर्धारित अवधि के भीतर अधिक से अधिक पात्र परिवारों का राशन कार्ड बनवाने का आह्वान किया.
