Nitish Kumar Sushasanama: जिला के एकमात्र नैक मान्यता प्राप्त महिला महाविद्यालय आरएमडब्ल्यू कॉलेज के राजनीति विज्ञान के सहायक प्राध्यापक डॉ. राकेश कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भेंट कर उन्हें अपनी पुस्तक ‘सुशासनामा’ भेंट की. डॉ. राकेश कुमार एवं डॉ. सोनल शर्मा ने पटना स्थित 7, सर्कुलर रोड पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और उनके कार्यकाल पर आधारित पुस्तक ‘सुशासनामा: डिकोडिंग नीतीश कुमार्स मॉडल ऑफ गुड गवर्नेंस’ की जानकारी दी.
बिहार में सुशासन के विभिन्न आयामों पर हुई चर्चा
डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार से बिहार में सुशासन के विभिन्न आयामों पर स्वस्थ एवं रचनात्मक चर्चा की गयी. उन्होंने बताया कि पुस्तक में बिहार के विकास से जुड़े विचारों, नीतियों, प्रशासनिक दृष्टिकोणों और सुशासन की पहलों पर चर्चा की गयी है. लेखकों ने इस बात पर भी विचार-विमर्श किया कि बिहार के अनुभवों और शासन मॉडल के माध्यम से सुशासन की अवधारणा को किस प्रकार समझा जा सकता है.
जनसेवा वितरण और संस्थागत विकास जैसे पहलुओं पर फोकस
पुस्तक में जनसेवा वितरण, संस्थागत विकास, सामाजिक कल्याण, पारदर्शिता, जवाबदेही तथा समावेशी विकास जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया गया है. लेखकों ने पुस्तक के उद्देश्यों तथा इसके पीछे निहित अकादमिक उद्देश्यों के बारे में भी जानकारी दी.
