Nawada News : नवादा पुलिस प्रशासन की कार्यकुशलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-1) कार्यालय का विस्तृत भौतिक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ सदर-1 हुलास कुमार भी मौजूद रहे.
अभिलेखों और कार्यालय व्यवस्था की हुई समीक्षा
एसपी ने कार्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण, विभिन्न संचिकाओं एवं पंजीयों की अद्यतन स्थिति के साथ-साथ स्वच्छता, अनुशासन एवं कार्य निष्पादन की प्रक्रिया का सूक्ष्म निरीक्षण किया. उन्होंने एक-एक अभिलेख का गंभीरता से अवलोकन कर रखरखाव, अद्यतन प्रविष्टियों एवं कार्यालयीन प्रक्रियाओं की समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारी से जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कार्यालय के प्रत्येक अभिलेख का विधिसम्मत एवं व्यवस्थित संधारण प्रशासनिक दक्षता की आधारशिला है. इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी. उन्होंने रिकॉर्ड प्रबंधन एवं दस्तावेजों को नियमित रूप से अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया.
लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन के निर्देश
निरीक्षण के बाद एसपी ने लंबित कार्यालयीन कार्यों एवं प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी, उत्तरदायी एवं जनोन्मुख बनाने पर बल देते हुए कहा कि बेहतर कार्यालय प्रबंधन और समयबद्ध कार्य निष्पादन से प्रशासनिक दक्षता बढ़ती है तथा आमजन का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास भी मजबूत होता है. साथ ही निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के प्रभावी अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया.
