Nawada News : साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए मंगलवार को एसएन सिन्हा कॉलेज के सभागार में "साइबर स्मार्ट जन जागरूकता अभियान" का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके बताए और सतर्क रहने की अपील की.
डीएम बोले- नवादा, नालंदा और शेखपुरा साइबर अपराध के केंद्र, वारिसलीगंज सबसे बड़ा हॉटस्पॉट
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने कहा कि बिहार के नवादा, नालंदा और शेखपुरा जिले साइबर अपराध के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं. उन्होंने कहा कि वारिसलीगंज अब राज्य ही नहीं, बल्कि देश के बड़े साइबर हॉटस्पॉट के रूप में उभर रहा है. उन्होंने बुद्धिजीवियों, शिक्षकों और समाज के प्रबुद्ध लोगों से साइबर अपराध रोकने के लिए आगे आने की अपील की. साथ ही कहा कि साइबर अपराध में शामिल युवाओं के परिवारों को सामाजिक स्तर पर जागरूक किया जाना चाहिए ताकि इस प्रवृत्ति पर रोक लग सके.
एसपी का दावा- वारिसलीगंज ने जामताड़ा को भी पीछे छोड़ा
पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने कहा कि कभी झारखंड का जामताड़ा साइबर अपराध का सबसे बड़ा केंद्र माना जाता था, लेकिन अब वारिसलीगंज उससे भी आगे निकलता दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि साइबर ठगी होने पर पीड़ित तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें. शुरुआती तीन से चार घंटे बेहद महत्वपूर्ण होते हैं. समय पर शिकायत करने से ठगी गई रकम को रोकने की संभावना बढ़ जाती है.
डिजिटल अरेस्ट, AI फ्रॉड और फर्जी लोन से बचने के बताए उपाय
साइबर डीएसपी मोहम्मद शाहनवाज ने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कस्टमर केयर, नौकरी और लॉटरी के नाम पर ठगी, फर्जी यूपीआई, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, AI के जरिए ठगी, फर्जी इस्लामिक बैंकिंग लोन और बांझपन के इलाज के नाम पर होने वाले ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के तरीके विस्तार से बताए. उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी किसी के साथ साझा न करें और बैंक या सरकारी अधिकारी बनकर आने वाले कॉल पर बिना सत्यापन भरोसा न करें.
24 घंटे के भीतर शिकायत करने पर बढ़ जाती है पैसे मिलने की संभावना
साइबर डीएसपी ने कहा कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी हो जाए तो घबराने के बजाय तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें. 24 घंटे के भीतर शिकायत करने पर ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना अधिक रहती है.
354 साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा
कार्यक्रम का संचालन कर रहे वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने बताया कि उनके कार्यकाल में अब तक 354 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इससे साइबर अपराध में शामिल लोगों के मनोबल पर असर पड़ा है.
छात्रों ने किया अधिकारियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विवेकानंद पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अधिकारियों का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मान किया. इस अवसर पर मुखिया राजकुमार सिंह, विद्यालय निदेशक परमानंद, समाजसेवी सतीश कुमार, मुखिया मृत्युंजय कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र और गणमान्य लोग मौजूद रहे.
