Nawada News : सिरदला थाना परिसर में रविवार को थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार के स्थानांतरण पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में पुलिस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके कार्यकाल की सराहना की. सुरेन्द्र कुमार का स्थानांतरण अकबरपुर थाना में थानाध्यक्ष के पद पर किया गया है. वहीं, हिसुआ थाना से विनय कुमार चौरसिया को सिरदला का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है.
करीब 11 माह तक संभाली सिरदला थाना की जिम्मेदारी
सुरेन्द्र कुमार ने सिरदला थाना में करीब 11 माह तक अपनी सेवाएं दीं. इस दौरान अपराध नियंत्रण, शराबबंदी अभियान और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों की समस्याओं के समाधान में उनकी भूमिका की स्थानीय लोगों ने सराहना की. समारोह में उपस्थित लोगों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने थाना क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किया.
नए थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया का किया गया स्वागत
विदाई समारोह के दौरान सिरदला के नए थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया का भी स्वागत किया गया. पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं. नए थानाध्यक्ष के पदभार संभालने के साथ ही थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर कार्य आगे बढ़ाया जाएगा.
पुलिसकर्मी रहे मौजूद
विदाई सह सम्मान समारोह में एसआई विकास कुमार, मुकेश सिंह, दिनेश पासवान एवं थाना के मुंशी सोनू कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे. समारोह के दौरान सभी ने सुरेन्द्र कुमार को उनके नए कार्यस्थल के लिए शुभकामनाएं दीं.
