Nawada News : कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) शेखपुरा द्वारा संचालित इनपुट डीलरों के लिए कृषि विस्तार सेवा डिप्लोमा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया. इस दौरान 42 प्रशिक्षणार्थी इनपुट डीलरों ने कृषि विज्ञान केंद्र, सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा (नवादा) का भ्रमण कर आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की.
समेकित कृषि प्रणाली और बीज उत्पादन की दी जानकारी
भ्रमण के दौरान कृषि विशेषज्ञों ने प्रशिक्षणार्थियों को कृषि विज्ञान केंद्र की विभिन्न इकाइयों का अवलोकन कराया. उन्होंने समेकित कृषि प्रणाली (आईएफएस) के माध्यम से कम लागत में अधिक लाभ अर्जित करने के मॉडल की जानकारी दी. साथ ही गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन, वैज्ञानिक तरीके से पौध तैयार करने और नर्सरी प्रबंधन की तकनीकों से भी अवगत कराया.
पशुपालन और जैविक खेती का कराया व्यावहारिक प्रदर्शन
प्रशिक्षणार्थियों ने बकरी पालन एवं मुर्गी पालन इकाइयों का निरीक्षण किया, जहां उन्हें पशुपालन को लाभदायक व्यवसाय के रूप में अपनाने की जानकारी दी गई. इसके अलावा प्राकृतिक एवं जैविक खेती, रसायनमुक्त कृषि पद्धतियों तथा वर्मी कंपोस्ट (केंचुआ खाद) उत्पादन का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया.
किसानों को बेहतर सलाह देने में मिलेगी मदद
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, नवादा के विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. शशांक शेखर सिंह, अंगद कुमार एवं रजत रंजन ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से इनपुट डीलरों को आधुनिक कृषि तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव मिलता है. इससे वे किसानों को बेहतर तकनीकी परामर्श देने और गुणवत्तापूर्ण कृषि इनपुट उपलब्ध कराने में अधिक सक्षम बनेंगे. प्रशिक्षणार्थियों ने भ्रमण को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों को नजदीक से समझने और किसानों तक नई जानकारी पहुंचाने में काफी सहायता मिलेगी.
