Nawada News: रविवार को 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला ममता देवी के ऑपरेशन के लिए रक्त की आवश्यकता होने पर छत्रपति शिवाजी सेवा संस्थान के सदस्य शौर्य प्रताप ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की. समय पर रक्त मिलने से महिला के इलाज का रास्ता आसान हो गया.
ऑपरेशन के लिए थी ओ पॉजिटिव रक्त की जरूरत
जानकारी के अनुसार ममता देवी एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती हैं. उनका कुल्हा टूट जाने के कारण ऑपरेशन होना है, जिसके लिए ओ पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता थी. परिवार में तत्काल रक्तदाता उपलब्ध नहीं होने से परिजन काफी परेशान थे.
संस्थान की पहल से मिली मदद
ममता देवी के पोते विपुल ने बताया कि वह करीब 20 दिन पहले अपनी बहन के सड़क हादसे के दौरान रक्तदान कर चुके थे, जबकि उनका दूसरा भाई दिल्ली में रहता है. ऐसे में किसी परिचित ने उन्हें छत्रपति शिवाजी सेवा संस्थान के सचिव जितेंद्र प्रताप 'जीतू' का संपर्क दिया. सूचना मिलते ही जीतू ने प्राथमिकता के आधार पर संस्थान के सदस्य शौर्य प्रताप को रक्तदान के लिए भेजा.
21 वर्ष की उम्र में नौवां रक्तदान
शौर्य प्रताप ने बिना देर किए ममता देवी के लिए रक्तदान किया. उल्लेखनीय है कि महज 21 वर्ष की उम्र में यह उनका नौवां रक्तदान है. उनके इस सेवा कार्य की परिजनों और संस्थान के सदस्यों ने सराहना की तथा इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया.
इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती
